विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी इमेशा दुलानी की दमदार पारी, श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4 रनों से हराया

अजमान, 23 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के सुपर सिक्स राउंड में श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4 रनों से हराया। श्रीलंका से मिले 141 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी।
कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। गुल फिरोजा बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद शवाल ज़ुल्फिकार भी सिर्फ 7 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। कप्तान मुनीबा अली भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और वह 7 रन बनाकर आउट हुईं। ओमैमा सोहेल ने 37 गेंदों का सामना करते हुए टीम की ओर से सर्वाधिक 36 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके लगाए। आयशा जफर 5 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुईं। ईमान फातिमा 10 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
तुबा हसन ने 18 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। नाशरा संधू 5 रन बनाकर आउट हुईं। अंत के ओवरों में तस्मिया रुबाब ने 11 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से नाबाद 23 रनों की पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में सत्या संदीपनि ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, सुगंधिका कुमारी ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट झटके।
इससे पहले, विश्मी गुणरत्ने और संजना कविंदी ने श्रीलंका को सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 29 रन जोड़े। संजना 14 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद आउट हुईं, तो विश्मी 23 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। कप्तान हर्षिता समरविक्रमा का बल्ला खामोश रहा और वह सिर्फ 6 रन ही बना सकीं।
हालांकि, इमेशा दुलानी अच्छी लय में नजर आईं और उन्होंने महज 38 गेंदों का सामना करते हुए 56 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। हसिनी परेरा 13 रन ही बना सकीं। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में उम्म-ए-हानी ने 4 ओवर के स्पेल में 17 रन देकर 3 विकेट निकाले।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
