यह एक मुश्किल पिच थी, हम हालात के हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाए ऋतुराज

यह एक मुश्किल पिच थी, हम हालात के हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाए ऋतुराज
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने माना कि उनकी टीम को मुश्किल पिच के हालात के हिसाब से खुद को ढालने में दिक्कत हुई, जिसके चलते रविवार को एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने माना कि उनकी टीम को मुश्किल पिच के हालात के हिसाब से खुद को ढालने में दिक्कत हुई, जिसके चलते रविवार को एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

जीटी के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, "सच कहूं तो, कभी-कभी मुझे इस तरह से पिच का आकलन करना पसंद नहीं आता, लेकिन मुझे लगा कि यह वाकई मुश्किल थी। तेज गेंदबाजों के लिए गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी, गेंद की गति एक जैसी नहीं थी, और उछाल भी कभी ज्यादा तो कभी कम था। हालांकि, अगर हमने बहुत ज्यादा विकेट न गंवाए होते, तो हम 170-180 रन तक पहुंच सकते थे।"

सीएसके के कप्तान ने आगे कहा, "यहां के हालात का अंदाजा लगाना मुश्किल है। पिछले तीन मुकाबलों में हमने सीखा था कि खेल किस तरह आगे बढ़ेगा। पिछले दो या तीन मुकाबलों में हमारे जीतने की संभावना 60 से 70 प्रतिशत थी, लेकिन आज खेल इस तरह से होगा, इसकी हमें उम्मीद नहीं थी। हम बस हालात के हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाए।"

चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। सीएसके की ओर से सिर्फ ऋतुराज गायकवाड़ ही अकेले लय में दिखाई दिए और उन्होंने 74 रनों की कप्तानी पारी खेली। अपनी इस पारी में ऋतुराज ने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, संजू सैमसन (11 रन), सरफराज खान (0), डेवाल्ड ब्रेविस (2 रन), शिवम दुबे (22 रन), और कार्तिक शर्मा (15 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।

गुजरात टाइटंस ने 159 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में 2 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से साई सुदर्शन ने 46 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, जोस बटलर 39 रन बनाकर नाबाद रहे, तो शुभमन गिल ने 33 रनों का योगदान दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 April 2026 8:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story