यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती जगुआर में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक हुई लग्जरी कार

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती जगुआर में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक हुई लग्जरी कार
यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही एक लग्जरी जगुआर कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और धूं-धूं कर जलने लगी। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रेटर नोएडा, 4 जून (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही एक लग्जरी जगुआर कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और धूं-धूं कर जलने लगी। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से लगभग 5 से 6 किलोमीटर आगे हुई। बताया जा रहा है कि जगुआर कार सामान्य रूप से एक्सप्रेसवे पर चल रही थी, तभी अचानक से उसमें धुआं उठना शुरू हो गया। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और कार से बाहर निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद कार में आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को अवगत कराया गया।

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन मालिकों को समय-समय पर अपने वाहनों की तकनीकी जांच करानी चाहिए, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 5:47 PM IST

Tags

Next Story