यमुना सफाई अभियान में जुटी भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत बोलीं, अगले दो साल में दिखेगा बदलाव
नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को 'यमुना सफाई अभियान' चलाया गया, जिसमें खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। उनके साथ तमाम वरिष्ठ अधिकारी, मंत्री, विधायक और सांसद भी इस अभियान में शामिल हुए। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत वजीराबाद घाट पर सफाई अभियान में शामिल हुईं।
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत के साथ एमसीडी शाहदरा नॉर्थ जोन की डीसी ममता यादव और अन्य अधिकारियों ने यमुना सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान लोगों से यमुना नदी में कूड़ा न फेंकने और सफाई बनाए रखने की अपील भी की गई।
इस दौरान आईएएनएस से बातचीत में कमलजीत सहरावत ने कहा कि यमुना नदी दिल्ली के लिए सांस्कृतिक और जल, दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, लेकिन यमुना की गंदगी और प्रदूषण चिंता का विषय है। भाजपा की तरफ से हमेशा यमुना को लेकर चिंता जाहिर की गई है। पीएम मोदी ने दिल्लीवासियों से कहा था कि अगर लोगों का समर्थन मिलेगा तो हम यमुना को साफ कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने और रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही यमुना की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यमुना नदी हमारी भावनाओं से जुड़ी हुई है। ऐसे में आज भाजपा से जुड़े लोग श्रमदान देने के लिए आगे आए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार जिस तरह यमुना की सफाई पर काम कर रही है, उससे उम्मीद है कि आने वाले एक से दो साल के भीतर यमुना को साफ करने में सफलता मिल जाएगी। यमुना नदी श्रद्धा का केंद्र है, ऐसे में लोगों से निवेदन है कि वे यमुना की सफाई में अपना योगदान दें, श्रमदान करें और सरकार की योजनाओं का समर्थन करें, ताकि जल्द से जल्द यमुना की सफाई हो सके।
एमसीडी की डीसी ममता यादव ने आईएएनएस से कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यमुना सफाई अभियान चलाया जा रहा है। हमारे जोन में पांच स्थानों पर अभियान चल रहा है। हर स्थान पर 100 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं और 12 से 13 गाड़ियां सफाई कार्य में लगी हुई हैं। हमने कचरे को चार श्रेणियों में बांटा है और उसे एकत्रित कर नदी के किनारे से हटाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Jun 2026 2:06 PM IST












