'यह तो बस शुरुआत है' तेंदुलकर ने लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक महिला टेस्ट को अहम मोड़ बताया
लंदन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले ऐतिहासिक टेस्ट मैच को 270 रन से अपने नाम किया। 'मास्टर-ब्लास्टर' सचिन तेंदुलकर ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले महिला टेस्ट को क्रिकेट के लिए एक 'सुनहरा पल' बताया, जो महिला क्रिकेट के विकास में एक बड़ा कदम है।
भारत-इंग्लैंड के बीच यह ऐतिहासिक मुकाबला 4 दिन तक चला, जिसमें कुल 37,846 दर्शकों की मौजूदगी ने भी इस क्रिकेट दिग्गज को प्रभावित किया। तेंदुलकर का मानना है कि लॉर्ड्स में मिला यह समर्थन महिला क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़े सफर की सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा, "मैं पढ़ रहा था कि चार दिनों में 30,000 से ज्यादा लोग आए थे, जो बहुत बढ़िया है। यह तो बस शुरुआत है। मुझे यकीन है कि आगे हमारे लिए और भी बड़ी चीजें होने वाली हैं।"
सोमवार को 'होम ऑफ क्रिकेट' (लॉर्ड्स) में मुकाबले के चौथे दिन की शुरुआत से पहले सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम को संबोधित किया था। अपने खेल के दिनों में अनगिनत यादें बनाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर वापस आकर तेंदुलकर ने कहा कि यहां पहली बार महिला टेस्ट का आयोजन खेल के लिए एक ऐतिहासिक मौका है।
तेंदुलकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वीडियो में कहा, "फिर से हरे-भरे मैदान पर कदम रखकर अच्छा लग रहा है। महिला क्रिकेट के लिए यह एक बड़ा पल है क्योंकि मुझे याद है कि 1976 में - अगर मैं गलत नहीं हूं - तो महिलाओं का पहला वनडे यहीं खेला गया था। मुझे लगता है कि वह 40 ओवर का मैच था और सचमुच अब 50 साल बाद, हम यहां लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेल रहे हैं। मैंने हमेशा टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट का सबसे ऊंचा स्तर माना है। इसलिए यह एक शानदार मौका है। मैं इसे महिला क्रिकेट में एक सुनहरा पल कहूंगा। इसका पूरा श्रेय आईसीसी को जाता है। मुझे पता है कि भारत में कुछ साल पहले जय शाह ने यह पहल शुरू की थी और जब सैलरी में बराबरी की बात आई, तो महिला क्रिकेट को भी पुरुष क्रिकेट के बराबर ही फायदा मिला। आज यहां लॉर्ड्स में महिलाओं का टेस्ट मैच देखना दिल को छू लेने वाला है।"
'मास्टर ब्लास्टर' ने इस मशहूर मैदान के साथ अपने सफर को भी याद करते हुए कहा, "मैं उसे कैसे भूल सकता हूं? यह 1990 की बात है। मुझे याद है कि मैं 14 साल का बच्चा था और स्टार क्रिकेट क्लब के साथ यहां आया था। हम एक टीम के तौर पर पवेलियन के दूसरी तरफ खड़े थे और हमने इस खूबसूरत इमारत के बैकग्राउंड में तस्वीरें खिंचवाई थीं। मैं उस पल को नहीं भूल सकता और फिर दो साल बाद, मैं यहां ड्रेसिंग रूम में बैठा था। तो, यह बदलाव बहुत तेजी से हुआ और उसी बालकनी में होना जहां भारत ने वर्ल्ड कप जीता था, इससे बेहतर और क्या हो सकता है?"
इस ऐतिहासिक मुकाबले में यस्तिका भाटिया लॉर्ड्स में टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला बनीं और क्रांति गौड़ ने रेड-बॉल फॉर्मेट में पहली बार पांच विकेट लिए। तेंदुलकर का मानना है कि ये उपलब्धियां इतिहास की किताबों में हमेशा खास जगह बनाए रखेंगी।
उन्होंने कहा, "यह एक बड़ा पल है क्योंकि कई शानदार प्रदर्शन होंगे, और भी जीत होंगी, नए रिकॉर्ड बनेंगे, लेकिन ये नाम हमेशा सबसे पहले लिए जाएंगे। तो, उन दोनों की यह शानदार उपलब्धि है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 5:45 PM IST












