अंतरराष्ट्रीय: मॉस्को-कीव संघर्ष पर अमेरिका के साथ शांति योजना को लेकर चर्चा अभी जारी रूसी राजनयिक

मॉस्को-कीव संघर्ष पर अमेरिका के साथ शांति योजना को लेकर चर्चा अभी जारी  रूसी राजनयिक
संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेन्ज्या ने कहा कि रूस और अमेरिका ने अभी तक शांति योजना की बारीकियों पर चर्चा नहीं की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए अपनी बातचीत जारी रखे हुए हैं।

मॉस्को, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेन्ज्या ने कहा कि रूस और अमेरिका ने अभी तक शांति योजना की बारीकियों पर चर्चा नहीं की है। उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए अपनी बातचीत जारी रखे हुए हैं।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन के संबंध में बुलाई गई बैठक में नेबेन्ज्या ने कहा रूसी-अमेरिकी वार्ता जारी है और शांति योजना की भावी रूपरेखा के बारे में बहुत सारी बारीकियों पर अभी चर्चा होनी बाकी है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष की जब से शुरुआत हुई है, तब से ही हमारी ओर से यह कहा जा रहा है कि हम सैन्य अभियानों से संबंधित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए कूटनीतिक रास्तों को अधिक प्राथमिकता देते हैं, इसलिए रूस दीर्घ अवधि के समाधान पर जोर दे रहा है, ताकि इस मौजूदा संघर्ष को खत्म किया जा सके।

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका मिशन के कार्यवाहक प्रतिनिधि जॉन केली ने कहा कि रूस के पास अभी यूक्रेन में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए अवसर हैं और अमेरिका इस शांति की स्थापना के लिए मॉस्को और कीव को पूरा समर्थन देने के लिए तैयार है।

केली ने कहा कि अगर रूस और यूक्रेन अमेरिका के शांति प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं, तो निश्चित तौर पर यह दोनों ही देशों के लिए हितकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इससे पहले, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की थी। दोनों ही विदेश मंत्रियों ने इस बात पर जोर दिया था कि बातचीत के लिए परिस्थिति को अनुकूल बनाने की बात कही थी।

इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले महीने विजय दिवस समारोह के मद्देनजर यूक्रेन में 72 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। क्रेमलिन ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान में कहा गया, "रूसी संघ के राष्ट्रपति, सशस्त्र बलों के सुप्रीम कमांडर-इन-चीफ वी.वी. पुतिन के आदेश से विजय की 80वीं वर्षगांठ के दिनों के दौरान, [7-8 मई की मध्यरात्रि से 10-11 मई की मध्यरात्रि तक], रूसी पक्ष युद्धविराम की घोषणा करता है। इस अवधि के लिए सभी सैन्य कार्रवाइयां निलंबित की जाती हैं।"

इसमें कहा गया, "रूस का मानना ​​है कि यूक्रेनी पक्ष को इस उदाहरण का अनुसरण करना चाहिए। यूक्रेनी पक्ष की तरफ से युद्धविराम का उल्लंघन होने पर रूसी सशस्त्र बल पर्याप्त और प्रभावी प्रतिक्रिया देंगे। रूसी पक्ष एक बार फिर बिना किसी पूर्व शर्त के शांति वार्ता के लिए अपनी तत्परता की घोषणा करता है, जिसका उद्देश्य यूक्रेनी संकट के मूल कारणों को खत्म करना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ रचनात्मक बातचीत करना है।"

रूस में विजय दिवस हर वर्ष 9 मई को मनाया जा है। इस दिन मॉस्को में विजय दिवस परेड आयोजित की जाती है। यह रूस के सबसे महत्वपूर्ण राजकीय समारोहों में से एक है, जो दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत सेना की जीत की याद में मनाया जाता है। इस साल का आयोजन विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह यूरोप में युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2025 4:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story