योगी सरकार में अपराधी जेल जाता है या अंत हो जाता है, ओपी राजभर ने सपा पर साधा निशाना

योगी सरकार में अपराधी जेल जाता है या अंत हो जाता है, ओपी राजभर ने सपा पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित पीडीए यात्रा को लेकर उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लंबे समय तक केवल एक समुदाय के हितों पर ध्यान दिया था।

अंबेडकर नगर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित पीडीए यात्रा को लेकर उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लंबे समय तक केवल एक समुदाय के हितों पर ध्यान दिया था।

अंबेडकर नगर में मीडिया से बातचीत के दौरान ओपी राजभर ने कहा कि समाज सुधारकों के नाम पर चलने वाली कुछ योजनाओं को भी सपा की पिछली सरकार में बंद कर दिया गया था। राजभर ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था की तारीफ करते हुए दावा किया कि वर्तमान शासन में अपराध करने वाले लोगों पर तेजी से कार्रवाई होती है। अपराध होने के 48 घंटे के भीतर अपराधी या तो जेल पहुंच जाता है या फिर उसका अंत हो जाता है।

राजभर ने अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि केवल रथ या यात्रा निकालने से जनता का समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता। सपा सरकार के दौरान सत्ता का इस्तेमाल एक विशेष जाति के राजनीतिक प्रभाव को बढ़ाने के लिए किया गया। अखिलेश यादव इससे पहले भी यात्राएं और रथ निकाल चुके हैं, लेकिन इन यात्राओं का राजनीतिक असर जनता पर नहीं पड़ेगा।

उन्होंने अखिलेश यादव की यात्रा के लिए तैयार किए जा रहे वाहन के रंग को लेकर भी तंज कसा। वाहन का रंग चाहे भगवा हो या कोई दूसरा, केवल रंग बदलने से राजनीतिक वास्तविकता नहीं बदलती। दलित समाज अब पहले की तुलना में अधिक जागरूक है और वह राजनीतिक दलों के पुराने रिकॉर्ड को भी देख रहा है।

राजभर ने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के बीच हुए पुराने राजनीतिक विवाद का जिक्र करते हुए गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाई। उन्होंने दावा किया कि उस समय भाजपा के नेताओं ने मायावती की सुरक्षा में मदद की थी।

भगवा रंग का जिक्र करते हुए राजभर ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उसी दौर में रामभक्तों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया था। केवल धार्मिक या राजनीतिक रंग-रूप बदलने से पुराना राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं बदल जाता।

ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान लूट, डकैती, छिनैती और हत्या जैसी घटनाओं को लेकर लोगों में असुरक्षा थी। इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के शासन में अपराधियों पर पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Sept 2026 1:43 PM IST

Tags

Next Story