'योजना और तरीके एक जैसे, महाराष्ट्र में जिहाद का षड्यंत्र', कोल्हापुर की घटना पर बोले किरीट सोमैया
कोल्हापुर, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने हालिया घटनाओं के बाद जबरन धर्मांतरण और लड़कियों के शोषण की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने जनता से ऐसे मामलों की रिपोर्ट करने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने गुरुवार को कोल्हापुर में मीडिया से बात करते हुए कहा, "महाराष्ट्र में अप्रैल महीने में 6 जगहों से इस तरह से धर्मांतरण के मामले सामने आए हैं, जहां जिहाद प्रवृत्ति का षड्यंत्र चल रहा है और ये सभी एक ही कार्यशैली, योजना और तरीके का पालन करते हुए प्रतीत होते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि ये सभी घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं और महाराष्ट्र में राज्य-स्तरीय षड्यंत्र हैं।"
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "हिंदू लड़कियों को बहकाना, फंसाना, ब्लैकमेलिंग के लिए फोटो-वीडियो लेना और फिर परिवारों को धमकी देकर आगे तक ले जाना, ये पूरा षड्यंत्र है। कई जगहों पर लड़कियों का धर्मांतरण कराया गया।"
किरीट सोमैया ने कहा, "जब हमने मालेगांव का 'वोट जिहाद फंडिंग' का घोटाला निकाला था, तब सिराज मोहम्मद के बेनामी खाते में 118 करोड़ रुपए आए और इनमें से 114 करोड़ रुपए विधानसभा चुनाव में 'वोट जिहाद' के लिए इस्तेमाल किए गए। इसकी आगे की जांच में पता चला कि फिर से एक बड़ी रकम आई थी। उसमें से 379 करोड़ रुपए जिहादी कार्यों के लिए खर्च किए जा रहे हैं।"
भाजपा नेता ने कहा कि अभी जो केस सामने आए हैं, आशंका है कि काफी लड़कियों को फंसाया गया है। जो ऐप इस्तेमाल किए जाते थे, उनकी जानकारी बाहर आना बाकी है। उन्होंने कहा, "मेरी जनता से अपील है कि आपको आसपास की ऐसी घटनाओं की जानकारी मिले तो आप पुलिस या सरकार के साथ साझा करें, ताकि लड़कियों को बचाया जा सके।"
किरीट सोमैया ने गुरुवार को कोल्हापुर के हटकनंगले पुलिस थाने में 'लव जिहाद' से जुड़े मामलों की समीक्षा की। बता दें कि शाहिद सनादे और शाहरुख समेत एक गिरोह पर कोल्हापुर में एक दर्जन से अधिक हिंदू लड़कियों का शोषण करने, उन्हें ब्लैकमेल करने और उनके खिलाफ 'लव जिहाद' करने का आरोप है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 April 2026 3:18 PM IST












