'जिंदगी कभी सीधी नहीं चलती', मुश्किल दौर को लेकर आयुष्मान खुराना और रकुलप्रीत सिंह ने साझा की अपनी राय

जिंदगी कभी सीधी नहीं चलती, मुश्किल दौर को लेकर आयुष्मान खुराना और रकुलप्रीत सिंह ने साझा की अपनी राय
फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों से जुड़ी छोटी-सी खबर भी चर्चा का विषय बन जाती है। हाल ही में 90 के दशक के मशहूर अभिनेता राहुल रॉय को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सामने आईं। कुछ लोगों ने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई। हालांकि बाद में राहुल रॉय ने खुद इन खबरों को गलत बताया और कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं। इसी मुद्दे पर अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने आईएएनएस संग बातचीत में जिंदगी के उतार-चढ़ाव को लेकर अपनी राय साझा की।

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों से जुड़ी छोटी-सी खबर भी चर्चा का विषय बन जाती है। हाल ही में 90 के दशक के मशहूर अभिनेता राहुल रॉय को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सामने आईं। कुछ लोगों ने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई। हालांकि बाद में राहुल रॉय ने खुद इन खबरों को गलत बताया और कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं। इसी मुद्दे पर अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने आईएएनएस संग बातचीत में जिंदगी के उतार-चढ़ाव को लेकर अपनी राय साझा की।

इंटरव्यू के दौरान जब आईएएनएस ने आयुष्मान खुराना से पूछा कि क्या हर इंसान को जिंदगी के हर तरह के दौर के लिए तैयार रहना चाहिए, तो इस सवाल पर आयुष्मान ने कहा, ''जिंदगी किसी के लिए भी एक जैसी नहीं रहती। हर इंसान अपनी जिंदगी में खुशी, सफलता, असफलता और संघर्ष के अलग-अलग दौर से गुजरता है। ऐसा सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं होता, बल्कि हर क्षेत्र में देखने को मिलता है। चाहे कोई क्रिकेटर हो, खिलाड़ी हो, बिजनेसमैन हो या नेता, हर किसी की जिंदगी में अच्छे और बुरे समय आते हैं।''

आयुष्मान ने कहा, ''इंसान को अपनी जरूरतें बहुत ज्यादा बड़ी नहीं रखनी चाहिए। अगर व्यक्ति की सोच सही हो और वह अपनी जिंदगी को सरल तरीके से जीना सीखे, तो मुश्किल समय का सामना करना थोड़ा आसान हो जाता है। जब इंसान का नजरिया सकारात्मक रहता है, तो धीरे-धीरे हालात भी बेहतर होने लगते हैं। सबसे जरूरी बात अपने मन को शांत और सही दिशा में रखना है। मेरा मानना है कि अगर इंसान मानसिक रूप से मजबूत रहे, तो वह जीवन के कठिन समय से भी बाहर निकल सकता है।''

बातचीत के दौरान आयुष्मान ने कहा, ''मैं जिंदगी का एक-एक दिन जीने में विश्वास रखता हूं। इंसान को भविष्य की चिंता में खुद को परेशान करने के बजाय वर्तमान पर ध्यान देना चाहिए। जिंदगी में क्या होने वाला है, यह कोई नहीं जानता, इसलिए हर दिन को अच्छे तरीके से जीना सबसे जरूरी है।''

वहीं अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने भी इस पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ''हर इंसान को जिंदगी के बदलावों के लिए तैयार रहना चाहिए। यह जरूरी नहीं कि सिर्फ अभिनेता या मशहूर लोग ही मुश्किल समय से गुजरते हैं। आम लोगों की जिंदगी में भी कई तरह की परेशानियां आती हैं। जिंदगी कभी सीधी तरह नहीं चलती। इसमें अच्छे दिन भी आते हैं और बुरे दिन भी, और यही जिंदगी की सच्चाई है।''

रकुलप्रीत सिंह ने आगे कहा, ''इंसान को हर परिस्थिति को स्वीकार करना सीखना चाहिए। मुश्किल समय ही इंसान को मजबूत बनाता है और उसे जिंदगी की असली सीख देता है। जब लोग अच्छे समय में खुश रहना सीखते हैं, तो उन्हें बुरे समय में धैर्य रखना भी सीखना चाहिए।''

दरअसल, हाल ही में राहुल रॉय कुछ म्यूजिक वीडियो में नजर आए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों को लगा कि शायद अभिनेता आर्थिक परेशानी से गुजर रहे हैं। हालांकि बाद में राहुल रॉय ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और अपनी जिंदगी शांति से जी रहे हैं। राहुल रॉय ने बताया कि वह इस समय अपनी बहन के साथ रह रहे हैं और उनका परिवार उनका पूरा ध्यान रख रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 May 2026 1:31 PM IST

Tags

Next Story