Bihar Assembly Elections 2025: 'चुनाव शुरू से ही निष्पक्ष नहीं...', बिहार में मिली हार पर राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार चुनाव परिणाम की तस्वीर अब साफ हो चुकी है। एनडीए ने बंपर जीत के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की है। वहीं, महागठबंधन की करारी हार हुई है, जिस पर कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बढ़चढ़ कर वोटिंग करने वाले मतदाताओं का आभार जताया है, साथ चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
'निष्पक्ष नहीं था चुनाव'
कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कहा कि चुनाव शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया।
यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।'
यह भी पढ़े -'इनकी हेकड़ी तो देखिए छठी मैया से...', बिहार विजय के बाद PM मोदी का राहुल-तेजस्वी यादव पर तीखा हमला
चुनाव में वोट चोरी हुई
वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी चुनाव परिणाम पर टिप्पणी की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'निस्संदेह, बिहार के चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, और चुनाव आयोग द्वारा रची गई वोट चोरी को बड़े पैमाने पर दर्शाते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के अपने अभियान को और अधिक मज़बूती के साथ जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराती है।'
Created On :   14 Nov 2025 11:40 PM IST












