बिहार: सीएम नीतीश कुमार 19 दिसंबर को करेंगे 'हमारा बिहार, हमारी सड़क' ऐप का लोकार्पण, बेहतर सड़कें बनाने की दिशा में राज्य सरकार की नई पहल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को 'हमारा बिहार, हमारी सड़क' नामक मोबाइल ऐप का उद्घाटन करेंगे। यह ऐप ग्रामीण कार्य विभाग के तहत तैयार किया गया है और एंड्रॉयड आधारित होगा। इस ऐप के माध्यम से आम लोग सड़कों की खराब स्थिति, जैसे गड्ढे, टूटे किनारे और अन्य समस्याओं की रिपोर्ट सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
इस ऐप का मुख्य उद्देश्य राज्य के ग्रामीण इलाकों में सड़कों की देखभाल और रखरखाव में पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करना है। यह ऐप पूरे बिहार राज्य में उपलब्ध रहेगा और लोगों को सड़क संबंधित समस्याओं को साझा करने का एक प्रभावी प्लेटफार्म प्रदान करेगा। ऐप में राज्य के सभी प्रखंडों के अंतर्गत आने वाली 63,000 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों की सूची दी जाएगी। उपयोगकर्ता अपने प्रखंड की सड़क का चयन कर सकते हैं और गड्ढे या अन्य समस्याओं की रिपोर्ट फोटो सहित कर सकते हैं।
ऐप होगा आम लोगों को फायदा
शिकायत दर्ज करने के बाद संबंधित अधिकारी उस समस्या का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर करेंगे और ऐप के माध्यम से समस्या की स्थिति को अपडेट करेंगे। जब समस्या हल हो जाएगी, तो अधिकारी मरम्मत स्थल की तस्वीर भी अपलोड करेंगे, जिससे सड़क के रखरखाव और सुधार की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
इस तकनीकी समाधान से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों की भागीदारी से बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी आएगी। ऐप नागरिकों और सरकार के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। उपयोगकर्ता इस ऐप पर किसी भी सड़क की खराब स्थिति का विवरण और तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध होगा, और नागरिक इस ऐप को डाउनलोड करके अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं, जिससे वे बिहार की सड़कों को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
Created On :   19 Dec 2024 12:01 AM IST














