बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एग्जिट पोल पर सियासी बयानबाजी तेज, एनडीए ने जीत का संकेत बताया तो विपक्षी नेताओं ने कहा अनुमान के सटीक होने की संभावना कम

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में दोनों चरणों की वोटिंग समाप्त होने के बाद आए एग्जिट पोल पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए नेता एग्जिट पोल के नतीजों को अपनी जीत का संकेत मान रहे है, दूसरी तरफ कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने एग्जिट पोल को 'महज अटकल' बताते हुए भरोसा जताया है कि सही नतीजे 14 नवंबर को महागठबंधन के पक्ष में आएंगे।
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल को जनता का भाव बताया, जो एग्जिट पोल के रुझान में है। उन्होंने कहा 2010 के जैसा स्ट्राइक रेट रहेगा।
आरजेडी प्रवक्ता मृ्त्युजंय तिवारी का कहना है कि एग्जिट पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं और इस बार भी होंगे। वोटर्स ने एनडीए के खिलाफ वोट दिया है और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोटिंग की है। जो लोग एग्जिट पोल देखकर भ्रम में हैं, वे रहें, सच परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। 14 नवंबर को महागठबंधन की सरकार बनेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने टिप्पणी से बचते हुए कहा 'मैं एग्जिट पोल पर अभी टिप्पणी नहीं करूंगी। जब नतीजे आएंगे, तब बात करेंगे। लेकिन बिहार के मतदाताओं ने इस बार सबक सिखाने का फैसला किया है, क्योंकि उसके मताधिकार के साथ छेड़छाड़ हुई है। मुझे पूरा यकीन है कि महागठबंधन की ही सरकार बनेगी।
कांग्रेस सांसद तारीक अनवर का कहना है कि एग्जिट पोल को सिर्फ अनुमान बताते हुए कहा ये कभी सटीक नहीं होते। एग्जिट पोल सिर्फ एक अनुमान होते हैं कि क्या ये हो सकता है। इन्हें फाईनल नतीजा मान लेना सही नहीं होगा।
Created On :   12 Nov 2025 3:52 PM IST












