25 अक्टूबर से निकालेगी 700 किलोमीटर की पोल खोल यात्रा

Delhi Congress will travel 700 km from October 25 for the corporation elections
25 अक्टूबर से निकालेगी 700 किलोमीटर की पोल खोल यात्रा
दिल्ली कांग्रेस निगम चुनाव 25 अक्टूबर से निकालेगी 700 किलोमीटर की पोल खोल यात्रा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने अपनी रणनीति घोषणा करते हुए पोल खोल यात्रा अभियान की शुरुआत कर दी है। 25 अक्टूबर से 70 दिनों तक दिल्ली कांग्रेस यह यात्रा निकालेगी। पार्टी के मुताबिक, इस यात्रा का उद्देश्य नगर निगम में सत्ताधारी भाजपा द्वारा किए गए भ्रष्टाचार, झूठ, निष्क्रियता और अक्षमता को उजागर करना है। दिल्ली कांग्रेस 70 दिनों तक पूरी दिल्ली में 700 किलोमीटर, 70 विधानसभाओं और 272 वार्डो में यह यात्रा निकालेगी। दिल्ली कांग्रेस के अनुसार, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने देश और दिल्ली को बर्बाद कर दिया है।

इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए दिल्ली कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के स्तर को इतनी ऊंचाई तक बढ़ा दिया है कि दिल्ली नगर निगमों में भाजपा के 15 साल के शासन ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा, भाजपा के भ्रष्टाचार ने एमसीडी को कंगाल कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप सफाई कर्मचारियों, शिक्षकों, नर्सों, डॉक्टरों और कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जबकि भाजपा के मेयर और भाजपा और आम आदमी पार्टी के पार्षद दिन-प्रतिदिन अमीर होते जा रहे हैं, क्योंकि ये उन लोगों से जबरन रिश्वत लेते हैं, जो लोग घरों का निर्माण या नवीनीकरण करते हैं।

दिल्ली कांग्रेस ने इससे पहले अपने सभी पार्षदों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इस अभियान पर मंथन किया था, जिसके बाद निर्णय लिया कि पार्टी लंबी यात्रा निकालेगी। पार्टी ने कहा कि इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं, इसके अलावा हर क्षेत्र के अनुसार नेताओं को मैदान में उतारा जाएगा। दिल्ली के जिन इलाकों में पूर्वाचल के लोग ज्यादा रहते हैं, उधर कन्हया कुमार को सत्तापक्ष के खिलाफ गरजने का मौका मिल सकता है। वहीं मुस्लिम बहल इलाकों में कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी भी दिल्ली कांग्रेस के इस अभियान का हिस्सा हो सकते हैं।

दिल्ली कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कांग्रेस की पोल खोल यात्रा विपक्ष के भ्रष्ट नेताओं के असली चेहरों को दिल्ली की जनता के सामने उजागर करने में कारगर साबित होगी। अनिल कुमार ने कहा कि जैसे-जैसे एमसीडी चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेता फिर से लोगों से बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, खासकर जेजे क्लस्टर्स, अनधिकृत कॉलोनियों, पुनर्वास कॉलोनियों आदि के बारे में। उन्होंने कहा कि दिल्ली आज प्रगति और विकास के लिए नहीं जानी जाती, बल्कि भ्रष्टाचार, कोविड-19 महामारी कुप्रबंधन, गंदा पानी, जल भराब, टुटी सड़के, प्रदूषण, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के लिए जानी जाती है।

 

(आईएएनएस)

Created On :   21 Oct 2021 7:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story