Odisha News: राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वालों पर गिरी गाज, BJD ने 6 विधायकों को पार्टी से किया निलंबित

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर गाज गिरी है। बीजू जनता दल (BJD) ने पार्टी के खिलाफ जाकर मतदान करने वाले 6 विधायकों पर कड़ी कार्रवाई की है। बीजेडी चीफ नवीन पटनायक ने दल के सीनियर नेताओं के साथ बैठक कर यह आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा इन विधायकों को दल-बदल सहित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया है। जिसके बाद इन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कियाजाता है।
6 विधायकों को कारण बताओ नोटिस किया गया जारी
इनमें बालीगुड़ा के विधायक चक्रमणि कन्हार, जयदेव से नबा किशोर मल्लिक, चौद्वार कटक से सौविक बिस्वाल, बस्ता से सुबासिनी जेना, तिर्तोल से रमाकांत भोई, बंकी से देवी रंजन त्रिपाठी शामिल हैं।
आदेश में कहा गया, 'इन विधायकों ने बीजेडी संविधान के मूल सिद्धांत का उल्लंघन किया। यह पार्टी के सामूहिक निर्णयों के प्रति पूर्ण निष्ठा को अनिवार्य बनाता है। उनके कामों को विशेष रूप से 16 मार्च 2026 को हुए राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग ने पार्टी व्हिप और अनुशासन का उल्लंघन किया है।'
6 विधायकों को संबोधित करते हुए जारी पत्र में लिखा गया था, "आप बीजू जनता दल के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में आया है कि 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनावों के दौरान आपने ऐसा आचरण किया है, जो पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन और बीजू जनता दल द्वारा आप पर जताए गए विश्वास का विश्वासघात है. आपने पार्टी द्वारा जारी निर्देशों और 15 मार्च को हुई बीजू जनता दल की विधायक दल की बैठक में लिए गए निर्णय का उल्लंघन किया है।"
Created On :   21 March 2026 9:24 PM IST












