मध्य प्रदेश: 18 साल के कुशासन वाली भय भ्रष्टाचार की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश - अरुण यादव

18 साल के कुशासन वाली भय भ्रष्टाचार की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश - अरुण यादव
  • समूचे प्रदेश में भाजपा के मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता लूट में लगे हुए है
  • सागर का तालाब एक समय सागर की शान : ऐतिहासिक विरासत सागर तालाब को पूर्ण रूप से नष्ट किए जाने का काम यहां किया जा रहा है

डिजिटल डेस्क, सागर/ भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने संभागीय मुख्यालय सागर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव तथा प्रदेश के सह प्रभारी सीपी मित्तल भी मौजूद रहे।

कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही बुंदेलखंड जन आक्रोश यात्रा के नायक अरुण यादव दमोह, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ जिला से होकर बुधवार की देर रात सागर पहुंचे थे। यहां आकर उन्होंने जन आक्रोश रैली एवं जन आक्रोश सभा में हिस्सा लिया।


देवरी एवं सुरखी विधानसभा क्षेत्र रवाना होने से पहले सुबह उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में सुबह पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ आनंद अहिरवार व राजकुमार पचौरी, यात्रा के सह प्रभारी गुड्डू राजा बुंदेला, प्रभु सिंह ठाकुर, सुरेंद्र चौधरी, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक, संभागीय प्रवक्ता अभिषेक गौर के अलावा आईसीसी ऑब्जर्वर कमलकांत शर्मा, पीसीसी जिला प्रभारी अवनीश भार्गव तथा अंजू बघेल, सह प्रभारी लोकमन कुशवाहा, पूर्व विधायक सुनील जैन, पूर्व जिला शहर अध्यक्ष रेखा चौधरी, एआईसीसी डेलीगेट भूपेंद्र सिंह मुहासा भी मौजूद रहे।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड जन आक्रोश यात्रा के नायक अरुण यादव ने कहा कि बुंदेलखंड अंचल के पांच जिलों से होकर यहां पहुंचने पर यह साफ तौर पर देखने आया है कि 18 साल के कुशासन वाली भय भ्रष्टाचार की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है।


भाजपा द्वारा निकाली गई "अवसरवाद" यात्रा में जनता ने अपना आशीर्वाद देने में जिस तरह की बेरुखी और जन आक्रोश यात्रा को भारी जन समर्थन दिखाया है उससे यह साफ है की मध्यप्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में 12 साल की अबोध बालिका के साथ दुष्कृत्य की शर्मनाक खबर सुर्खियों में बनी हुई है। जो पूरे देश में हमारे प्रदेश को कलंकित और शर्मसार करने वाली है। यह स्थिति पूरे प्रदेश में बेटियों और महिलाओं की है। इस घटना से सहज अंदाज लगाया जा सकता है कि प्रदेश में महिलाएं एवं बेटियां कितनी असुरक्षित है।

अरुण यादव ने आरोप लगाया कि समूचे प्रदेश में भाजपा के मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता लूट में लगे हुए है, रेत, रोड़ कंस्ट्रक्शन, विधायक निधि तक में 50 प्रतिशत तक कमीशन लिया जा रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सागर के ऐतिहासिक तालाब की दुर्दशा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सागर का तालाब एक समय सागर की शान रही है। इस ऐतिहासिक विरासत को भी पूर्ण रूप से नष्ट किए जाने का काम यहां किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के लिए 1600 करोड़ रुपये आया था, बुंदेलखंड के विशेष पैकेज 7 हज़ार 200 करोड़ रुपये आया था लेकिन भाजपा के मंत्रियों, विधायको और भ्रष्ट अधिकारियों ने इन पैसों का बंदरबांट किया। उन्होंने बुंदेलखंड पैकेज में हुए भ्रष्टाचार पर आगे कहा कि पन्ना में 100 - 100 करोड़ रुपये के बांध बनाये थे वो पहली ही बारिश में बह गए, वेयरहाउस व नहरें, सड़कें बनना थी मगर उसमें भी पैसे की बर्बादी और भ्रष्टाचार किया गया है।

टिकट वितरण को लेकर पत्रकारों द्वारा किए गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर प्रोसेस जारी है, कांग्रेस की पहली सूची 5-10 अक्टूबर के बीच आएगी।

राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल ने कहा कि प्रदेश में आज जो माहौल है उसे देखकर उन्हें दृढ़ विश्वास है कि मप्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और प्रबल बहुमत से बनेगी। पत्रकार वार्ता में उपस्थित मीडिया मित्रों का आभार बुंदेलखंड यात्रा के मीडिया प्रभारी डॉ संदीप सबलोक व अभिषेक गौर ने किया।

Created On :   29 Sep 2023 5:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story