प्रसिद्ध झिन्ना धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर १२९ जोडे हुए एक-दूजे के

डिजिटल डेस्क पन्ना। मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना अंतर्गत महाशिवरात्रि पर्व पर झिन्ना में 128 जोडों के विवाह और 1 जोडे का निकाह संपन्न हुआ। जनपद पंचायत अजयगढ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नवदंपत्तियों को अतिथियों द्वारा आशीर्वाद प्रदान किया गया और गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी गई। प्रत्येक जोडों को 11 हजार रूपए का चेक और 38 हजार रूपए की सामग्री एवं उपहार प्रदान किए गए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मौके पर कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि बेटियों और महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में अब 55 हजार रूपए की राशि निर्धारित की गई है। आगामी दिनों में भी गरीब बेटियों के धूमधाम से विवाह होंगे। आगामी 5 मार्च से लाडली बहना योजना के तहत भी आवेदन लिए जाएंगे। उन्होंने नवदंपत्तियों के सुखी और खुशहाल जीवन की कामना की। साथ ही झिन्ना धाम में विभिन्न विकास कार्य के लिए घोषणा भी की। प्रभारी मंत्री श्री कावरे ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एक अभिनव योजना है। इससे गरीब बेटियों के विवाह की चिंता खत्म हुई है। प्रदेश सरकार द्वारा मजदूर, किसान, श्रमिक सहित सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान बेटियों व महिलाओं के कल्याण व सम्मान के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने नवयुगलों को सफल व सुखमय जीवन की बधाई दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नगर परिषद अजयगढ की अध्यक्ष श्रीमती सीता गुप्ता, जनपद पंचायत अजयगढ की अध्यक्ष श्रीमती रामरती यादव, उपाध्यक्ष महबूब खान, जिला पंचायत सदस्य दिनेश भुर्जी सहित कलेक्टर संजय कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार, जपं सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती भी उपस्थित थे।
Created On :   19 Feb 2023 2:34 PM IST