अंगदान से 3 लोगों को मिला नया जीवन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भगवान नगर निवासी 75 साल के लक्ष्मीनारायण काशीनाथ नारनवरे को 25 फरवरी की सुबह एक दोपहिया वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। किम्स-किंग्सवे हॉस्पिटल में पांच दिन उनका उपचार चला। प्रतिसाद न देख डॉक्टरों ने 1 मार्च की रात ब्रेन डेड होने की घोषणा की। परिजनों के तैयार होने के बाद अंगदान के लिए जोनल ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन सेंटर (जेडटीसीसी) को सूचित किया गया। सेंटर के समन्वयकों ने लक्ष्मीनारायण की पत्नी सरिता, बेटी प्रतिभा और बेटे प्रदीप व प्रशांत से बातचीत की। समुपदेशन के बाद परिजनों ने अंगदान के लिए अनुमति दी। लक्ष्मीनारायण रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। अनेक सामाजिक कार्यों में हाथ बंटाया था। सूची के अनुसार लिवर न्यू ईरा हॉस्पिटल के 52 साल के पुरुष पर प्रत्यारोपित किया गया। किडनी किम्स किंग्सवे हॉस्पिटल के 62 साल के महिला पर और दूसरी किडनी केयर हॉस्पिटल के 46 साल की महिला पर प्रत्यारोपित की गईं। आंखें महात्मे आई बैंक को सौंपी गई। यह जानकारी सेंटर के डॉ. संजय कोलते ने दी है।
Created On :   3 March 2023 2:40 PM IST












