नागपुर में एक ही दिन में म्यूकर माइकोसिस के 30 नए मरीज मिले

30 new patients of mucor mycosis found in Nagpur in a single day
नागपुर में एक ही दिन में म्यूकर माइकोसिस के 30 नए मरीज मिले
नागपुर में एक ही दिन में म्यूकर माइकोसिस के 30 नए मरीज मिले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में एक ही दिन में म्यूकर माइकोसिस के 30 नए मरीज सामने आए। इसमें 19 मरीज निजी अस्पताल में हैं। अब तक, नागपुर जिले में 55 मरीजों की म्यूकर माइकोसिस से मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, नागपुर जिले में अब तक 882 मरीजों को म्यूकर माइकोसिस हुआ है। अभी तक 55 मरीजों की मौत हुई, जिसमें से 7 मरीजों की मौत मेडिकल में होने की जानकारी है।

स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, म्यूकर माइकोसिस की सबसे अधिक मौतें निजी अस्पतालों में हुई हैं। विदर्भ के स्तर पर देखा जाए तो नागपुर के 882 सहित पूर्व विदर्भ में 1 हजार 80 मरीज मिले हैं। इसमें से 59 मरीजों की मौत हुई। इसमें गोंदिया जिले में 3, चंद्रपुर जिले में 1 की मौत हुई है। सबसे अधिक मौतें नागपुर में हुई हैं। मेडिकल में 105 और मेयो में 34 मरीजों का इलाज चल रहा है।

एंफोटेरिसिन इंजेक्शन की कमी, जिलाधिकारी की तरफ से वितरण
म्यूकर माइकोसिस मरीजों के इलाज के लिए एंफोटेरिसिन इंजेक्शन की लगातार कमी बनी हुई है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को प्रशासन की ओर से इंजेक्शन पहुंचाए जा रहे हैं। सोमवार को 165 इंजेक्शन आए, जबकि इससे पहले 930 इंजेक्शन आ चुके हैं। यह इंजेक्शन जिलाधिकारी की ओर से अस्पतालों में वितरित किए जा रहे हैं। अब तक नियमित रूप से नहीं मिलने के कारण इनका वितरण बचा-बचा कर किया जा रहा था, लेकिन अब उम्मीद है कि रोज इंजेक्शन की खेप मिलेगी।

समिति करती है तय
अस्पताल में भर्ती मरीजों को इंजेक्शन पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने एक समिति बनाई है। रोजाना अस्पतालों से मरीजों की सूची जारी होती है। उस सूची के आधार पर समिति निर्धारित करती है किस अस्पताल में कितने इंजेक्शन भेजने हैं। इसके आधार पर जिलाधिकारी की ओर से इसका वितरण होता है। इसके अनुसार सबसे पहले 150 इंजेक्शन आए थे। इसके बाद 80, फिर शनिवार को 700 और सोमवार को 165 इंजेक्शन आए। 

 

Created On :   25 May 2021 4:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story