नागपुर में 33 कोरोना पाजिटिव, जर्मनी मुंबई व पुणे रिटर्न नए मरीज

33 corona positive in nagpur, germany mumbai and pune return new patients
नागपुर में 33 कोरोना पाजिटिव, जर्मनी मुंबई व पुणे रिटर्न नए मरीज
खतरा बढ़ा नागपुर में 33 कोरोना पाजिटिव, जर्मनी मुंबई व पुणे रिटर्न नए मरीज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। देश के दूसरे शहरों की तुलना में नागपुर में कोरोना नियंत्रण में हैं। दूसरे शहरों से व विदेश से आने वाले लोगों की जांच के बाद वे पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। बावजूद कोरोना की बढ़ती-घटती संख्या ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इसलिए बाहर से आने वाले लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। मंगलवार को 33 नए मरीज मिले हैं। इनमें से जर्मनी, मुंबई और पुणे से शहर में पहुंचे एक-एक मरीज हैं। खास बात यह है कि इन सभी का टीकाकरण हो चुका है। दोनों डोज हो चुके हैं। 

1388 सैंपल की हुई जांच 
मनपा सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में बाहर से आने वालों के कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही उनकी जांच भी की जा रही है। इस कारण जिले में जांच की संख्या बढ़ी है। मंगलवार को 1388 सैंपल की जांच की गई। इसमें शहर के 901 व ग्रामीण के 487 का समावेश है। कुल 33 नए पॉजिटिव मिले हैं। इनमें शहर के 28 ग्रामीण के 2 व जिले के बाहर के 3 शामिल हैं। कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 578131 हो चुकी हैं। 24 मरीज स्वस्थ हुए हैं। यह सभी शहर के हैं। अब तक कुल 567574 मरीज स्वस्थ हुए हैं। कोरोना रिकवरी दर 98.21 फीसदी पर स्थिर है। इस दिन कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। अब तक कुल 10338 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें शहर के 6042, ग्रामीण के 2627 व जिले के बाहर के 1669 मृतक हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 219 हैं। 214 एक्टिव मरीज गृह विलगीकरण में हैं। वहीं 5 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। 

एक ही परिवार के 4 पॉजिटिव
-शहर के 28 पॉजिटिव में एक जर्मनी रिटर्न 29 साल की युवती है। धरमपेठ जोन अंतर्गत आने वाले एक क्षेत्र की निवासी युवती 12 जून को जर्मनी से नागपुर आई थी। कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर उसने 13 जून को जांच करवाई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई, तो उसके संपर्क में आने वाले 13 अन्य लोगों की जांच की गई। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। 
-धंतोली जोन निवासी मुंबई से लौटी एक युवती पॉजिटिव आई है। इसके संपर्क में आए 25 लोगों की जांच की गई। इसमें 4 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जाता है कि इसमें युवती के माता-पिता समेत परिवार के अन्य दो सदस्यों का समावेश है।  
-पुणे से लौटा एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। इसके संपर्क में आनेवाले की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।  इस तरह बाहर से लौटे 3 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। खास बात यह है कि कोरोना पॉजिटिव आने वाले सभी का टीकाकरण हो चुका है। उनके दोनों डाेज हो चुके हैं।
बस, अब इससे ज्यादा क्लेम की राशि हम नहीं दे सकते हैं

Created On :   15 Jun 2022 6:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story