अमरावती जिले के 405 एसटी कर्मी निलंबित

405 ST workers of Amravati district suspended
अमरावती जिले के 405 एसटी कर्मी निलंबित
59 दिन से जारी है हड़ताल अमरावती जिले के 405 एसटी कर्मी निलंबित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। एसटी महामंडल का राज्य शासन में विलय करने सहित विविध मांगों को लेकर एसटी कर्मचारी 59 दिन से हड़ताल पर हैं। जो कर्मचारी हड़ताल से वापस लौट गए हैं उनके जरिए अमरावती जिले में केवल 15 एसटी बस चलाई जा रही हैं। जो कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं, उनको अब दिसंबर माह का वेतन नहीं मिलेगा और उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।  उल्लेखनीय है कि 6 नवंबर से एसटी कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर हैं। इन कर्मचारियों पर काम पर वापस लौटने के प्रयास एसटी महामंडल प्रशासन व राज्य सरकार द्वारा लगातार किए गए। इन प्रयासों के दौरान अमरावती जिले के 364 कर्मचारी वापस काम पर लौटे हैं। वापस लौटे कर्मचारियों में से जो चालक और वाहक हैं, उनके जरिए अमरावती बस स्टैंड से वरुड़, मोर्शी और नागपुर तक 15 एसटी बस हर दिन चलाई जा रही है।

एसटी कर्मचारियों का राज्य शासन में विलीनीकरण करने की प्रमुख मांग को लेकर हड़ताल पर गए कर्मचारी तटस्थ है। इन कर्मचारियों का कहना है कि संपूर्ण राज्य में अब तक हड़ताल के दौरान 65 कर्मचारियों की मृत्यु हुई है। लेकिन फिर भी कर्मचारी आंदोलनरत हैं। अमरावती जिले में कुल 2 हजार 90 एसटी कर्मचारी अभी भी हड़ताल पर हैं। 364 कर्मचारी काम पर लौटे है और 405 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। अब आंदोलनरत कर्मचारियों पर दबाव डालने के लिए दिसंबर माह से अब वेतन नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण एसटी बस सेवा प्रभावित हुई और उनका अब तक करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।

अब बर्खास्तगी की कार्रवाई
अपनी विविध मांगों को लेकर हड़ताल पर गए एसटी कर्मचारियों को काफी समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन अभी भी 2090 कर्मचारी हड़ताल पर है। 405 कर्मचारी निलंबित किए गए है। अब इन निलंबित कर्मचारियों पर वरिष्ठों द्वारा बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सकती है।  श्रीकांत गभने, डिपो नियंत्रक, अमरावती

Created On :   3 Jan 2022 7:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story