भाजपा नगरसेवक वोट डालने तक रहेंगे ‘नजरबंद’

BJP corporators will remain under house arrest till they cast their vote
भाजपा नगरसेवक वोट डालने तक रहेंगे ‘नजरबंद’
विधान परिषद चुनाव भाजपा नगरसेवक वोट डालने तक रहेंगे ‘नजरबंद’

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग से डरी भाजपा को अपने सभी नगरसेवकों को लेकर नागपुर पहुंचेगी। अलग-अलग जत्थों में ये सभी सदस्य दोपहर से रात के बीच नागपुर लौटेंगे। हालांकि नागपुर पहुंचने के बाद भी सभी नगरसेवकों को शहर में संपर्क क्षेत्र से दूर रखा जाएगा। उन्हें नागपुर जिले के किसी रिमोट एरिया में ले जाकर 10 दिसंबर तक ‘नजरबंद’ रखा जाएगा। 10 को सीधे मतदान केंद्र पर इन्हें गाड़ियों से पहुंचाया जाएगा। मतदान करने के बाद ही इनकी ‘घर वापसी’ की जाएगी। इस बीच जानकारी मिली है कि कुछ नगरसेवक बीच में ही दौरा छोड़कर नागपुर लौट गए हैं। कुछ ने अपनी करीबी रिश्तेदारी में शादी समारोह का हवाला दिया, तो कोई अपने परिवार में ऑपरेशन की जानकारी देकर नागपुर लौटा। हालांकि पार्टी पदाधिकारी ने सभी नगरसेवकों के साथ होने का दावा किया है। 

भीतरघात के डर से भाजपा सतर्क
10 दिसंबर को विधानपरिषद चुनाव के लिए मतदान होना है। भाजपा ने चंद्रशेखर बावनकुले को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भाजपा को झटका देते हुए उसके ही नगरसेवक छोटू भोयर को टिकट देकर चुनाव को रोचक बना दिया है। छोटू भोयर को उम्मीदवारी मिलने से भाजपा सतर्क हो गई है। उसे भीतरघात का डर सता रहा है। इसके लिए उसने कई नगरसेवकों की िनगरानी भी की है। 6-7 लोग उसके रडार पर भी हैं।  अपने सदस्यों को टूट-फूट से बचाने के लिए वह 30 नवंबर को सभी को साथ लेकर अलग-अलग जत्थों में रवाना हुई थी। चार से पांच जत्थों में यह सदस्य अलग-अलग जगह पर्यटन पर भेजे गए। कोई गोवा, कोई जम्मू-कश्मीर, कोई मध्य प्रदेश तो कोई हिमाचल पहुंचा।

मतदान के बाद ही घर जा सकेंगे
पर्यटन पर होने के बावजूद इन पर विशेष निगरानी की गई। डर इतना है कि सदस्य बचने के लिए वॉट्सएप कॉल पर बातचीत कर रहे हैं, ताकि किसी तरह की रिकार्डिंग न हो। इन सभी सदस्यों को बुधवार 8 दिसंबर को नागपुर लाया जाएगा। सभी अलग-अलग समय पर नागपुर पहुंचेंगे। फिर बस से ग्रामीण क्षेत्र के किसी गोपनीय स्थान यानी रिमोट क्षेत्र में इन्हें रवाना किया जाएगा। ध्यान रहेगा वहां भी किसी से इनका कोई संपर्क न हो सके। इन्हें 10 दिसंबर को सीधे मतदान केंद्र पर पहुंचाने के बाद ‘रिहा’ किया जाएगा। 

 

Created On :   8 Dec 2021 6:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story