11 किसानों से प्रति क्विंटल 5 हजार 335 रुपए दाम से चना खरीदी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। अमरावती स्थित कृषि उपज मंडी समिति के साथ ही जिले की शेष 11 कृषि मंडी समिति में नाफेड द्वारा चने की शासकीय खरीदी आरंभ हो गई है। इस वर्ष शासकीय चना खरीदी के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीयन के लिए सरकार ने काफी कम समय दिया है। इससे पूर्व 90 दिन तक पंजीयन का समय रहता था। किंतु इस बार मात्र 15 दिन पंजीयन के लिए देने से हजारों किसान शासकीय खरीदी का लाभ नहीं उठा पाएंगे। अमरावती कृषि उपज मंडी में मंगलवार को केवल 11 किसानों से 5 हजार 335 रुपए क्विंटल दाम पर चना खरीदी कर शासकीय खरीदी का उद्घाटन किया जाएगा।
अमरावती कृषि उपज मंडी अंतर्गत अमरावती व भातकुली तहसील के किसान अपना खेती माल बेचने के लिए लाते है। राज्य सरकार ने इस वर्ष चने का समर्थन मूल्य 5 हजार 335 रुपए घोषित किया है। शासकीय खरीदी शुरू होने के एक दिन पूर्व तक अमरावती समेत जिले की लगभग सभी कृषि मंडी में किसानों की आर्थिक लूट शुरू थी। सोमवार 13 मार्च को चना 4 हजार 400 से 4 हजार 625 रुपए क्विंटल के भाव सेे खरीदा गया। सोमवार को 16 हजार 195 बोरे चने की आवक अमरावती कृषि मंडी में थी। अब कृषि मंडी के ही एक अनाज यार्ड में मंगलवार से चने की शासकीय खरीदी आरंभ होगी।
50 किसानों को माल मंडी में लाने के दिए निर्देश
चने की शासकीय खरीदी का शुभारंभ करते समय अमरावती व भातकुली तहसील के केवल 11 किसानों को मंगलवार को अपना माल कृषि मंडी में बेचने के लिए लाने के मैसेज भेजे गए हंै। पहले दिन 11 किसानों से 5 हजार 335 रुपए प्रति क्विंटल भाव से चना खरीदने के बाद दूसरे दिन यानी बुधवार से रोज 50 किसानों को मैसेज देकर अपना चना बिक्री के लिए कृषि मंडी में लाने के निर्देश दिए जाएंगे।
Created On :   14 March 2023 4:03 PM IST












