महाशिवरात्रि पर शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

डिजिटल डेस्क, पन्ना। धार्मिक मान्यताओं एवं परम्पराओं के अनुरूप जिले भर में आज शिवरात्रि का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। शिवालयों में हर-हर महादेव एवं ओम नम: शिवाय के मंत्र गूंजायमान रहे। जगह-जगह श्रृद्धालुओं द्वारा शिव पार्वती का विवाह लौकिक रूप से उत्साह के साथ मनाया गया। पन्ना से सात किमी दूर लक्ष्मीपुर स्थित प्राचीन देव स्थल मानस बट में शिवरात्रि के महाआयोजन में ज्योतिर्मठ बद्रिकाश्रम हिमालय के शंकराचार्य जगत गुरू स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज उपस्थित में उत्साह पूर्वक महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह के कार्यक्रम भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हो रहे हैं। शुक्रवार को भगवान भोलेनाथ की गाजे-बाजे के साथ भव्य बारात निकाली गई। मानस वट में आज महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का समापन हुआ। इसके साथ ही देर शाम से भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती के विवाह के आयोजन की तैयारियां की जा रहीं हैं। महाशिवरात्रि की रात्रि में भगवान भोलेनाथ का विवाह उत्सव परम्परागत तरीके से मनाया जा रहा है। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में पधारे जगतगुरू शंकराचार्य जी महाराज का मानस वट के नीचे रविवार को अध्यात्मिक प्रवचन कार्यक्रम सम्पन्न होगा। जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण शंकराचार्य जी के प्रवचन से लाभाविन्त होंगे।
Created On :   19 Feb 2023 2:44 PM IST