कलेक्टर ने द्वारकाधीश की तीर्थ यात्रा के लिए यात्रियों को किया रवाना

डिजिटल डेस्क पन्ना। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पन्ना जिले के वरिष्ठ नागरिक द्वारकाधीश की यात्रा के लिए आज बस से सडक मार्ग द्वारा सतना रवाना हुए। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने तीर्थ यात्रियों की बस को स्थानीय टाउन हॉल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और सकुशल तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं भी दी गईं। जिला कलेक्टर द्वारा बस में सवार तीर्थ यात्रियों से चर्चा कर किसी भी असुविधा पर संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी प्रदान किया गया। इस मौके पर नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, जिपं उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, अपर कलेक्टर जे.पी. धुर्वे, एसडीएम एस.एन. दर्रो भी उपस्थित थे। तीर्थ यात्री सतना से ट्रेन द्वारा द्वारिका की यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा उपरांत बुजुर्ग तीर्थ यात्री 29 जनवरी को ट्रेन द्वारा वापस सतना रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए अनुरक्षक भी भेजे गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में नि:शुल्क तीर्थ यात्रा के लिए प्राप्त 487 आवेदनों में से गत दिनों लॉटरी के माध्यम से 200 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया। यात्रियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई थी।
Created On :   25 Jan 2023 4:44 PM IST