कोविड-19: निजी एंबुलेंस के भरोसे प्रशासन

covid-19, reliance on private ambulances
कोविड-19: निजी एंबुलेंस के भरोसे प्रशासन
कोविड-19: निजी एंबुलेंस के भरोसे प्रशासन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर कोविड-19 की चपेट में है। इस संकट से लड़ने के लिए मनपा के पास एंबुलेंस कम पड़ रही हैं। मनपा के पास अपनी 7 एंबुलेंस हैं। उसी के भरोसे लंबे समय तक लड़ाई लड़ी गई। संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने से स्थिति नियंत्रण के बाहर हो रही है। इस स्थिति से लड़ने के लिए निजी एंबुलेंस का सहारा लिया जा रहा है। 108 नंबर की 11, बसों को परिवर्तित कर 12 एंबुलेंस बनाई गई हैं। 10 निजी एंबुलेंस किराए पर ली गई हैं। 25 और भी लेने की तैयारी है।

समय पर नहीं मिलती मदद 
प्रतिदिन करीब डेढ़ से दो हजार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मरने वालों का आंकड़ा औसतन 50 पर पहुंच गया है। शहर में 62 जांच केंद्र खोले गए हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस कम पड़ रही हैं। एंबुलेंस के इंतजार में मरीज दम तोड़ रहे हैं। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से मरीज की मौत की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं। स्थिति नियंत्रण के बाहर हो जाने पर अब मनपा ने निजी एंबुलेंस किराए पर लेकर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने का फैसला लिया है।

सुझाव के बाद किराए से ली थीं सिर्फ 10 एंबुलेंस
विशेषज्ञों के सुझाव के अनुसार हर जोन में कम से कम 5 एंबुलेंस अपेक्षित हैं। मनपा के पास एंबुलेंस नहीं रहने से एक भी उपलब्ध नहीं थी। सुझाव के बाद 10 एंबुलेंस किराए पर ली गईं। हर जोन में एक उपलब्ध कराई गई है।

100 से अधिक की जरूरत
 शहर में संक्रमण और मौत के बढ़ते आंकड़ों की वजह जानने के लिए हाल ही में मुंबई से मनपा आयुक्त के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई थी। इस टीम ने कोविड की रोकथाम के लिए की जा रही उपाययोजना की जानकारी लेकर और भी प्रभावी ढंग से उपाययोजना के लिए कुछ सुझाव दिए। मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए 100 से अधिक एंबुलेंस बढ़ाने को कहा था। जबकि, मनपा 40 एंबुलेंस के दम पर कोविड से लड़ने के लिए छटपटा रही है।

पांच कोविड केयर सेंटर में एक-एक
मनपा की 7 एंबुलेंस हैं। शहर में पांच कोविड केयर सेंटर में एक-एक एंबुलेंस तैनात की गई है। दो मनपा मुख्यालय में रखी गई हैं। इसमें से एक टेस्टिंग सेंटर और एक मुख्यालय के लिए तैनात है।

फायदा उठा रहे निजी चालक
एंबुलेंस उपलब्ध कराने में मनपा की सेवा कमजोर पड़ने से निजी एंबुलेंस चालक चांदी काट रहे हैं। हालांकि मनपा ने शहर के भीतर-बाहर सेवा दर तय की है, लेकिन निजी एंबुलेंस चालक इस दर से सेवा देने तैयार नहीं है। 

25 निजी एंबुलेंस किराए पर लेंगे
कोविड के मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ने के कारण 10 निजी एंबुलेंस किराए पर ली गई हैं। और 25 किराए पर लेने की तैयारी है। मनपा के पास कुल 65 एंबुलेंस हो जाएंगी। - डॉ. विजय जोशी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मनपा

Created On :   9 Sep 2020 9:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story