दिल्ली से नागपुर हवाई सफर में लगे 5 घंटे

Delhi to Nagpur air journey takes 5 hours
दिल्ली से नागपुर हवाई सफर में लगे 5 घंटे
परेशान दिल्ली से नागपुर हवाई सफर में लगे 5 घंटे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दिल्ली से नागपुर का हवाई सफर महज 1.40 घंटे का है, लेकिन एक परिवार को यह सफर तय करने में न सिर्फ 5 घंटे से भी अधिक समय लगा, अपितु विमानन कंपनी की लापरवाही की वजह से लगेज भी 24 घंटे बाद  हाथ लगा। इस  लापरवाही से झुंझलाए परिवार ने कहा कि, हवाई यात्रा से ट्रेन भली होती, जो समय के साथ-साथ पैसे भी बचाती। हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों का लगेज छूट जाना नई बात नहीं है। पहले भी इस प्रकार की घटनाएं परेशानी का सबब बन चुकी हैं।  

24 घंटे बाद मिला बैग : कई लोगों से शिकायत की। उसके बाद कहीं सोमवार 15 नवंबर की रात करीब 9 बजे नागपुर विमानतल के अधिकारियों ने उन्हें बैग मिलने की सूचना दी। यह बैग मुंबई विमानतल पर था। अर्थात पूरे 24 घंटे बाद उनके हाथ बैग लगा।

फ्लाइट रद्द हुई, तो वाया मुंबई का विकल्प दिया : फ्लाइट छूटने से पहले पता चला कि, गो-फर्स्ट की उड़ान रद्द हो गई है। गगन को विकल्प दिया गया कि, वे दोपहर 2.10 बजे की फ्लाइट से मुंबई जाकर मुंबई से अगली फ्लाइट से नागपुर पहुंच सकते हैं। ठुठेजा परिवार ने विकल्प स्वीकार कर लिया। परिवार दोपहर 2.10 बजे की फ्लाइट में सवार होने के लिए सुबह 11 बजे विमानतल के लिए निकला। विमानतल पहुंचने पर पता चला कि, यह फ्लाइट 1.20 घंटा विलंब से टेक ऑफ करेगी। परिवार के सदस्य दोपहर 3.30 बजे इस मुंबई की फ्लाइट में सवार हुए। 

परेशानी ने पीछा नहीं छाेड़ा, मुंबई में छूटा बैग : दिल्ली से नागपुर  पहुंचने के बाद भी ठुठेजा परिवार का परेशानी से पीछा नहीं छूटा। नागपुर विमानतल पर पता चला कि, उनका एक बैग मुंबई विमानतल पर ही रह गया है। विमानन कंपनी के अधिकारियों ने पहले बताया कि, बैग दिल्ली विमानतल पर है। फिर कहा, नहीं है। बैग नहीं मिलने पर परेशान ठुठेजा ने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया। 

इस तरह बर्बाद हुआ वक्त : दिल्ली निवासी गगन ठुठेजा ने 14 नवंबर को दिल्ली से नागपुर गो-फर्स्ट की टिकट बुक कराई। उनके साथ बहन सौम्या सहित कुल 5 सदस्य नागपुर में आयोजित विवाह समारोह में आ रहे थे। दिल्ली से नागपुर के लिए गो-फर्स्ट की फ्लाइट 14 नवंबर को रात 8.10 बजे निकलने वाली थी, जो 1.40 घंटे का सफर तय कर इसी दिन रात करीब 9.50 बजे पहुंचती है। 

सुबह 11 बजे निकला परिवार रात को नागपुर पहुंचा : करीब 2 घंटे की यात्रा के बाद शाम 5.30 बजे विमान मुंबई पहुंचा। मुंबई से नागपुर के लिए फ्लाइट शाम 6.10 बजे की थी, जो करीब 1.20 घंटे में नागपुर पहुंचती है। यह फ्लाइट भी विलंब से उड़ी और रात करीब 8.40 बजे नागपुर पहुंची। अर्थात सुबह 11 बजे दिल्ली से निकला ठुठेजा परिवार रात 8.40 बजे नागपुर पहुंचा। दिल्ली से महज 1.40 घंटे में नागपुर पहुंचने वाले इस परिवार के करीब 9.40 घंटे बर्बाद हुए। 
 

Created On :   17 Nov 2021 9:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story