दो माह बाद भी ठग राजिक कुरैशी का नहीं लगा सुराग

Even after two months there was no clue of thug Rajik Qureshi
दो माह बाद भी ठग राजिक कुरैशी का नहीं लगा सुराग
एक माह में पैसे डबल करने का देता था झांसा  दो माह बाद भी ठग राजिक कुरैशी का नहीं लगा सुराग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक माह में पैसे डबल करने का झांसा लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के मुखिया राजिक कुरैशी को दो माह बाद भी नागपुर की हाईटेक पुलिस नहीं पकड़ पा रही है,जबकि वह अपने कई साथियों के लगाार संपर्क में बना हुआ है। इसके कुछ ऑडियो क्लिप वायरल हो रहे हैं। राजिक ऑडियों क्लिप में अपने साथी दिलीप से दावा कर रहा है कि, चंद दिनों की बात है,  सबकुछ ठीक हो जाएगा। इस ऑडियो क्लिप में बातचीत से लग रहा है कि, सारी रकम राजिक कुरैशी के पास ही जमा होती थी। इस गिरोह ने कुछ पुलिस वालों को भी ठगा है।

यह हैं आरोपी
सूत्रों के अनुसार नंदनवन थाने में 1 नवंबर 2022 से 21 जनवरी 2023 के बाच एक माह में झांसा देकर कई लोगों से ठगी की गई। इस मामले में क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट ने शमशेर अली रमजान अली, राजिक कुरैशी, विक्की उर्फ विक्रम संजय राऊत, अकबर खान, शेख फहीम, अप्पू  मामू, बब्बू शिरनीवाला, अफरोज खान, फईम, दिलीप व अन्य को आरोपी बनाया था।

चार पकड़े गए
इन आरोपियों में से  शमशेर अली और विक्की राऊत को जब गिरफ्तार किया गया, तब उनसे करीब 5.10 लाख रुपए नकद जब्त किए गए थे। उसके बाद पुलिस ने हरिद्वार से अफरोज खान और फईम खान को 11 लाख रुपए नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। इस गिरोह पर नंदनवन थाने में धारा 420, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पकड़े गए  सभी आरोपियों का कहना है कि, वे केवल रकम जमा करने का काम करते थे, जो कलेक्शन होता था वह  राजिक के पास जमा किया जाता था। राजिक ही पैसा निवेश करता था और 1 माह पूरा होने पर निवेशक को दोगुनी रकम वापस करता था। राजिक कहां और कैसे पैसा निवेश करता था, इसकी कोई जानकारी नहीं है। 

वायरल ऑडियो क्लिप में बातचीत
राजिक अब फोन पर अपने एजेंटों के संपर्क में है। उसने हाल ही में दिलीप नामक एजेंट से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत का ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है। दिलीप फोन पर गिडगिड़ाते हुए सबकुछ बर्बाद होने की बात कर रहा है। राजिक दिलासा दे रहा है कि, ऐसा कुछ भी नहीं होगा, वह सबकुछ ठीक कर देगा पहले की तरह। बस 15 दिन की बात है। दिलीप से वह यह भी कह रहा कि, अपने परिवार और खुद को सही सलामत रखना। दिलीप की तरह कई महिलाएं भी एजेंट की तरह काम करती थीं। 
 

Created On :   17 March 2023 11:15 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story