फडणवीस बोले - राज जब भी जाएंगे होगा भव्य स्वागत, 15 जून को जा रहे आदित्य

Fadnavis said - whenever Raj will go, he will be given a grand welcome, Aditya is going on June 15
फडणवीस बोले - राज जब भी जाएंगे होगा भव्य स्वागत, 15 जून को जा रहे आदित्य
अयोध्या दौरा स्थगित फडणवीस बोले - राज जब भी जाएंगे होगा भव्य स्वागत, 15 जून को जा रहे आदित्य

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज ने अयोध्या दौरे को रद्द नहीं किया है बल्कि स्थगित किया है। इसलिए राज जब भी अयोध्या जाएंगे उनका स्वागत ही होगा। प्रदेश भाजपा की स्पष्ट भूमिका है कि अयोध्या में जाने वाले प्रत्येक राम भक्त का स्वागत होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को रोकना गलत है। हालांकि फडणवीस भाजपा सांसद सिंह के विरोध करने के सवाल पर जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने सिंह के विरोध के सवाल पर कहा कि राज का अयोध्या में स्वागत ही होगा। 

मनसे अध्यक्ष 22 मई को पुणे में करेंगे खुलासा 

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज सीट से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के लगातार विरोध के बीच मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने अचानक 5 जून के अयोध्या दौरे को स्थगित कर दिया है। शुक्रवार को राज ने ट्वीट करके कहा कि फिलहाल अयोध्या दौरा स्थगित कर दिया गया है। मैं इस पर 22 मई को पुणे में आयोजित मनसे की सभा में विस्तार से बोलूंगा। राज के अचानक अयोध्या दौरा रद्द करने को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। समझा जा रहा है कि राज ने स्वास्थ्य कारणों से अपना अयोध्या दौरे को टालने का फैसला किया है। दूसरी ओर दौरा टालने के पीछे भाजपा सांसद सिंह का दबाव भी माना जा रहा है। हालांकि मनसे के नेता राज के स्वास्थ्य के संबंध में कुछ टिप्पणी करने से बच रहे हैं। मनसे के नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि राज ने अयोध्या दौरे को रद्द नहीं किया है। केवल फिलहाल के लिए स्थगित किया है। वे 22 मई की सभा में अयोध्या दौरे को टालने के पीछे का कारण स्पष्ट करेंगे। नांदगावकर ने कहा कि किसी का स्वास्थ्य निजी विषय है। इसलिए मेरा राज के स्वास्थ्य के बारे में बोलना उचित नहीं होगा। मुझे लगता है कि राज अपनी तबीयत के बारे में खुद ही सभा में बोलेंगे। 

भाजपा ने राज का इस्तेमाल किया- संजय राऊत

राज के अयोध्या दौरा रद्द होने पर शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कटाक्ष किया है। राऊत ने कहा कि मुझे नहीं पता कि भाजपा ने राज के साथ ऐसा क्यों किया? भाजपा ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए राज का इस्तेमाल किया है। लेकिन कुछ लोगों को इससे समझदारी आएगी तो अच्छा होगा। क्योंकि इससे महाराष्ट्र के नेतृत्व का नुकसान होता है। राऊत ने कहा कि यदि राज 5 जून के दौरे के लिए सहयोग मांगते तो शिवसेना के मदद कक्ष के जरिए हम उनकी जरूर मदद करते। क्योंकि उत्तर प्रदेश और अयोध्या में शिवसेना को चाहना वाला एक बड़ा वर्ग है। 

आदित्य ठाकरे 15 जून को अयोध्या में जाएंगे

राऊत ने कहा कि शिवसेना नेता तथा प्रदेश के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे 15 जून को अयोध्या में जाएंगे। आदित्य का दौरा एक धार्मिक कार्यक्रम है। हम वहां पर कोई राजनीतिक रूप से शक्ति प्रदर्शन नहीं करेंगे। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में राम राज्य लाने की कोशिश चल रही है। यदि प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद मिलेगा तो महाराष्ट्र का विकास रथ राम राज्य की ओर बढ़ेगा। इसके जवाब में मनसे के नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि रातोंरात मुंबई मनपा के मनसे के नगरसेवकों को चुराने वाली शिवसेना हमें क्या सहयोग करेगी? 

राज अयोध्या दौरे पर जाएंगे मुझे विश्वास है- दरेकर

विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि राज का दौरा स्थगित हुआ है। उन्होंने अपने दौरे को रद्द नहीं किया है। इसलिए मुझे विश्वास है कि वे आगामी समय में अयोध्या जाएंगे। दरेकर ने कहा कि सत्तारूढ़ दल आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। सत्तारूढ़ दलों के नेता राज के अयोध्या दौरा स्थगित होने पर भाजपा पर सवाल उठा रहे हैं और दूसरी ओर भाजपा सांसद सिंह की तारीफ कर रहे हैं। लेकिन जनता मूर्ख नहीं है। 

राज की इस अवस्था के लिए भाजपा जिम्मेदार- सचिन सावंत

प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सचिन सावंत ने कहा कि राज की इस अवस्था के लिए भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर भारतीयों को प्रभावित करने के लिए जानबूझ कर मनसे को अपमानित किया है। सावंत ने कहा कि भाजपा ने ही शुरुआत में हवा भरने का काम किया था। हिंदुत्व वोट बैंक के छिटकने के डर से राज से उनकी औरंगाबाद के सभा से पहले विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कन्नी काट ली‌। जबकि मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय राऊत ने कहा कि मुझे डर है कि राज कहीं हिंदुत्व के मुद्दे को ही न छोड़ दे। राज मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर के बहाने हिंदुत्व का जो मुद्दा लेकर आए थे वह हिंदुत्व नहीं। वे किसी न किसी के कहने पर दो समुदाय के बीच में झगड़ा लगाने की कोशिश कर रहे थे। वहीं प्रदेश राकांपा ने ट्वीट करके राज पर तंज कसते हुए कहा कि फिलहाल अयोध्या दौरे का लाउडस्पीकर बंद करने का फैसला लिया गया है। अब इस पर विचार शुरू है कि जनता की समस्याओं पर से ध्यान हटाने के लिए नया लाउडस्पीकर कौन सा लगाया जाए। 

राज ने माफी न मांग करके घाव को फिर से हरा कर दिया- बृजभूषण शरण सिंह

राज के अयोध्या दौरा स्थगित करने पर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के गोंडा में सिंह ने कहा कि राज ने माफी न मांग करके उत्तर भारतीयों के जख्मों को फिर से हरा कर दिया है। यदि राज माफी मांग लेते तो हम समझते कि उनका हृदय परिवर्तन हो गया है। सिंह ने कहा कि राज बहुत दुर्भाग्यशाली व्यक्ति हैं। उनका दुर्भाग्य पीछा नहीं छोड़ रहा है। अगर वे उत्तर भारतीयों से की गई मारपीट के लिए माफी मांग लेते तो उत्तर भारत के लोगों का उनके प्रति गुस्सा कम हो जाता है। सिंह ने कहा कि राज माफी न मांग करके चूक गए हैं। अब वे उत्तर भारत के किसी राज्य में कदम रखेंगे तो कोई न कोई उनका विरोध करने के लिए खड़ा हो जाएगा। अब राज के विरोध के लिए मेरी जरूरत नहीं है। सिंह ने कहा कि राज ने माफी नहीं मांगी है अपने दौरे को स्थगित किया है। इसलिए हम उसको अपनी जीत नहीं मानते हैं। 
 

 

 

Created On :   20 May 2022 12:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story