नागपुर से भी चलेगी किसान रेल, विदर्भ के उत्पादकों को मिलेगा बड़ा बाजार

Farmers rail will also run from Nagpur, producers of Vidarbha will get big market
नागपुर से भी चलेगी किसान रेल, विदर्भ के उत्पादकों को मिलेगा बड़ा बाजार
नागपुर से भी चलेगी किसान रेल, विदर्भ के उत्पादकों को मिलेगा बड़ा बाजार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर के साथ पूरे विदर्भ के किसानों के लिए जल्दी ही रेलवे ‘अच्छे दिन’ लेकर आने वाली है। अक्तूबर माह से यहां से किसान रेल शुरू होने के आसार दिख रहे हैं और अक्टूबर में ही संतरे की नई खेप बाजार में आने को बेताब रहेगी। इस तरह किसान रेल स्थानीय किसानों के लिए वरदान साबित हो सकती है। रेलवे अधिकारियों ने किसानों से व किसान संगठनों से मिलकर योजना बनानी भी शुरू कर दी है। नागपुर से किसान रेल शुरू होने से संतरा उत्पादकों के साथ-साथ सभी किसानों और दुग्ध व्यवसायियों को फायदा होगा। देश का कोना-कोना इनके लिए बाजार होगा और उचित दाम भी  मिलेगा। यहां तक विदेशों में भी पहुंच आसान होगी। 

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता तक जाना तय : नागपुर से कहां-कहां जाएगी, अभी यह तय नहीं, लेकिन  दिल्ली, मुंबई, कोलकाता आदि जगहों तक इनका जाना लगभग तय माना जा रहा है। कोलकाता तक जाने की स्थिति साफ हुई तो, किसान रेल के माध्यम से विदर्भ का संतरा बांग्लादेश तक आसानी से पहुंच सकेगा।

वरूड़ के  संतरा उत्पादकों से हुई है बात 
सूत्रों के अनुसार, मध्य रेलवे नागपुर मंडल की ओर से हाल ही में विदर्भ के वरूड़ गांव के संतरा उत्पादकों से इस संबंध में चर्चा हुई थी। विदर्भ में सबसे ज्यादा संतरा उत्पादन इसी क्षेत्र में होता है। बताया गया कि यहां के संतरों को बांग्लादेश भेजने की तैयारी की जा रही है। नागपुर या मंडल के वरूड़ स्टेशन से यह गाड़ी आगे बढ़ने की संभावना है। जानकार मानते हैं कि शुरू होने के साथ ही इस ट्रेन के 5 से 8 डिब्बे तो संतरे से भरे होंगे।   

देश के मध्य में होने का फायदा मिलेगा 
 बजट घोषणा के अनुसार पायलट प्रोजेक्ट के रूप में देश में पहली किसान रेल महाराष्ट्र के देवलाली से बिहार के दानापुर तक चलाई गई गई। 7 अगस्त को इसकी शुरुआत हुई। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की गई है। दरअसल, यह एक तरह से ‘रेल लाइन पर दौड़ता" कोल्ड स्टोरेज है। जल्द खराब होने वाले कृषि उत्पादों की सुरक्षित ढुलाई ही इसका उद्देश्य है। इसके दो बड़े फायदे हैं- एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में खाद्य सामग्री खराब होने की गुंजाइश नहीं और नेशनल कोल्ड सप्लाई चेन बनाने में अहम भूमिका। देश के मध्य में होने का फायदा नागपुर को मिलेगा। 

4 लाख टन से ज्यादा संतरा भेजा जाता है : व्यापारियों की मानें तो हर साल विदर्भ से 4 लाख टन से ज्यादा माल निकलता है। अब तक इसे ट्रकों से दूसरे राज्य में पहुंचाया जाता था। रेलवे से मालगाड़ियों में एक या दो बोगी जोड़कर भेजा जाता था। अब किसान रेल से एक बार में 45 ट्रक से ज्यादा का माल ले जाया जा सकेगा। 

हम सुविधा के लिए तत्पर 
नागपुर मंडल खेती उपज की अच्छी सुविधा के लिए तत्पर है। इसके लिए नाममात्र दर पर किसानों का माल एक जगह से दुसरी जगह पहुंचाने के लिए रेलवे प्रयास कर रहा है। -एस.जी. राव, एसीएम, मध्य रेलवे नागपुर मंडल

जल्द मिलेगी खुशखबरी
किसान रेल  को लेकर रेलवे के साथ हमारी बैठक हो रही है। जल्दी ही किसान रेल को नागपुर या अमरावती से शुरू कर किसानों को खुशखबरी दी जा सकती है।   -मनोज जवंजाल, संचालक, महा ऑरेंज, काटोल
 

Created On :   27 Aug 2020 5:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story