बाइक के प्रेशर हॉर्न से घबराई लड़की पीली नदी में गिरी 

Girl scared by bike pressure horn fell into yellow river
बाइक के प्रेशर हॉर्न से घबराई लड़की पीली नदी में गिरी 
बाइक के प्रेशर हॉर्न से घबराई लड़की पीली नदी में गिरी 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बाइक में लगा प्रेशर हॉर्न एक 12 वर्षीय शैलिया मुस्कान अंसारी के लिए जानलेवा साबित हुआ है। लोहे की पुलिया से पीली नदी पार कर रही शैलिया के पीछे से बाइक वाले ने तेज हॉर्न बजाया। इससे घबराकर उसने संतुलन खो दिया और नदी में गिर पड़ी। उसके साथ उसकी बड़ी बहन भी थी। उसने शोर मचाया तो दो युवक नदी में कूदे भी। पर देर रात तक उसका पता नहीं चल पाया था।  घटना यशोधरानगर क्षेत्र के वनदेवीनगर चौक में लोहे की पुलिया पर हुई है। यशोधरानगर थाने के निरीक्षक रमाकांत दुर्गे सहयोगियों व दमकल कर्मियों के साथ पहुंचे। रात करीब 8 बजे तक उसकी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवनगर के पास संगम नगर निवासी शैलिया मुस्कान अंसारी बुधवार को बड़ी बहन के साथ मां के पास गई थी। उसकी मां दूसरे के यहां घरेलू कामकाज करती है। वहां से कुछ पैसे लेकर दोनों लौट रहीं थीं।  उसके पिता की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है। वह जिस लोहे के पुल से घर लौट रही थी। इस पर से दोपहिया वाहन, साइकिल और पैदलवाले आना-जाना करते हैं। घर लौटते समय पुल पर पीछे से आई बाइक सवार ने हॉर्न बजाया तो शैलिया मुस्कान अंसारी घबरा गई और नदी में जा गिरी।

संगमनगर परिसर में तीन साल से अधूरा पड़ा है निर्माण कार्य 
संगमनगर परिसर में पीली नदी पर पुल है। उसका निर्माणकार्य अधूरा है। तीन साल से काम पूरा ही नहीं हुआ। इसलिए लोग शार्टकट के लिए लोहे के पुल से आना-जाना करते हैं। कुछ वर्ष पहले यहां पर एक आठ वर्षीय बच्चा नदी में इसी तरह से हादसे का शिकार हो गया था। बार-बार इस तरह की घटना होने के बावजूद पुल का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पास में वाटर फिल्टर प्लांट है। वहां का पानी भी नदी में छोड़ने के कारण बहाव काफी तेज रहता है। इस मामले की जांच यशोधरानगर पुलिस कर रही है। 

बाइक सवार के बारे में छानबीन होगी
बाइक सवार के हॉर्न बजाने के कारण यह हादसा हुआ है तो इस बारे में बाइक सवार के बारे में छानबीन की जाएगी। वह जिम्मेदार हुआ, तो कार्रवाई की जाएगी।  रमाकांत दुर्गे, पुलिस निरीक्षक, यशोधरानगर, नागपुर शहर
 

Created On :   15 Oct 2020 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story