- Home
- /
- आग की लपटों में झुलसे दंपत्ति, पति...
आग की लपटों में झुलसे दंपत्ति, पति की मौत
डिजिटल डेस्क, पन्ना। मजदूरी के लिए जा रहे पति का अपनी पत्नी से रुपयों को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्साए पति ने मिट्टी का तेल डालकर स्वंय को आग के हवाले कर दिया। पति को बचाने गई पत्नी भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला सोमवार को रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरिया खुर्द में घटित हुआ।
जानकारी के अनुसार मृतक 52 वर्षीय मिट्टू लाल दहायत अपने गांव से बाहर मजदूरी करने के लिए जा रहा था। इसके लिए उसने अपनी पत्नी वर्षा दहायत से रुपए मांगे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान पति मिट्टू लाल ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी और मिट्टी तेल अपने ऊपर डाल कर आग लगा ली। पति को जलते देखकर पत्नी वर्षा आग को बुझाने के लिए दौड़ी किंतु आग की लपटों में वह स्वयं झुलस गयी।
पड़ोसी जब वहां पहुंचे तब तक आग से जलने के चलते मिट्टू लाल दहायत की मौत हो चुकी थी, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गई थी। ग्रामीणों ने 108 को फोन किया। सूचना पाते ही थाना प्रभारी चंचौदिया, सहायक उपनिरीक्षक देवी प्रसाद मिश्रा, प्रधान आरक्षक यशवंत, पुलिस आरक्षक पकंज को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे जहां पर घटना स्थल का पूरा जायजा लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शाम को मृतक के शव को रैपुरा लाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वही पत्नी को उपचार के लिये रैपुरा से कटनी ले जाया गया है।
Created On :   10 July 2017 6:33 PM GMT