मैने भी देखी सीडी, मगर मध्यप्रदेश की बदनामी न हो इसीलिए सार्वजनिक नहीं की : कमलनाथ

डिजिटल डेस्क, सतना। मध्यप्रदेश में भाजपा नेताओं के हनीट्रैप के सीडी का जिन्न एक बार बोतल से बाहर है। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के सीडी कांड को हवा देने के बाद अब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी। पत्रकारों के सवालों का जवाब में पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि जो सीडी गोविंद सिंह के पास है वो सीडी मैंने भी देखी है। मैने तभी कहा था इसमें और इन्वेस्टिगेशन की जरूरत है। भावी मुख्यमंत्री के नाम के सवाल को टालते हुए पीसीसी प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने दोहराया कि हमारी सरकार सौदेबाजी से गिराई गई थी। हम सौदेबाजी की राजनीति करके देश में मध्यप्रदेश का सम्मान नहीं गिराना चाहते थे। कलनाथ माना कि संगठन कमजोर है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा १४दिन मध्यप्रदेश में रही, जिसे अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला। यात्रा पर लक्ष्मण सिंह के बयान को कमलनाथ ने उनकी निजी राय बताया।
विश्वास से आता है निवेश
सीएम शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथ लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि निवेश भाषण से नहीं विश्वास से आता है। उन्होंने कहा कि मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में अंतर है। कमलनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने १८ साल में ५ ग्लोबल मीट किए। जिसमें 6 हजार 500 प्रपोजल आए। 2013 से लेकर 2018 तक में देश में 23 लाख करोड़ का विदेशी पूंजी निवेश हुआ। जिसमें से सिर्फ ०. 3 फीसदी निवेश मध्यप्रदेश में आया। इसका मतलब 100 करोड़ में महज 30 पैसा मध्यप्रदेश में आया। 2020 और 2022 में कुल विदेशी पूंजी निवेश का ०.३ प्रतिशत अपने प्रदेश के हिस्से में गया। औद्योगिक नीति बना लेना आसान है पर उसका क्रियान्वयन होना भी जरूरी है।
Created On :   6 Jan 2023 11:46 PM IST