किसान रेल ने पहुंचाए 2.75 लाख टन फल और सब्जियां 

किसान रेल ने पहुंचाए 2.75 लाख टन फल और सब्जियां 
800 फेरियां पूरी किसान रेल ने पहुंचाए 2.75 लाख टन फल और सब्जियां 

डिजिटल डेस्क, नागपुर।   मध्य रेलवे द्वारा परिचालित किसान रेल ने अपनी 800 फेरियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान किसान रेल द्वारा देशभर में 2.75 लाख टन फलों और सब्जियों का परिवहन किया गया। मध्य रेलवे ने 28 नवंबर को 800 वीं किसान रेल सोलापुर के संगोला से मुजफ्फरपुर भेजी जिसके जरिए नागपुर से संतरे, संगोला, सोलापुर से अनार, अंगूर, नींबू, शिमला मिर्च, कस्तूरी तरबूज, अमरूद, सीताफल, बेर (भारतीय बेर), लातूर और उस्मानाबाद से फूल, अहमदनगर और नाशिक से प्याज, भुसावल और जलगांव से केला, और महाराष्ट्र के अन्य कई इलाकों से फल और सब्जियां दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल जैसे दूर के बाजारों में भेजे गए। इससे राज्य के किसानों की आमदनी में वृद्धि हुई है।

साथ ही बड़े बाजारों का लाभ मिला है। किसानों की उपज के लिए अच्छी कीमत, त्वरित परिवहन, न्यूनतम बर्बादी के लक्ष्य को किसान रेल के माध्यम से साधने का प्रयास किया जा रहा है। मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि किसान रेल की 800 यात्राएं किसानों को त्वरित और सुरक्षित परिवहन व नए बड़े बाजारों तक पहुंच के साथ अत्यधिक लाभ  को सुनिश्चित करती हैं। मध्य रेलवे 7 अनुसूचित किसान रेल चलाता है, जिनमें देवलाली-मुजफ्फरपुर, संगोला-मुजफ्फरपुर, संगोला-आदर्श नगर दिल्ली, संगोला-शालिमार, रावेर-आदर्श नगर दिल्ली, सवदा-आदर्श नगर दिल्ली और गोधनी-आदर्श नगर दिल्ली हैं।

50 फीसदी सब्सिडी : मध्य रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई इस परिवहन सुविधा से किसानों को  50 फीसदी सब्सिडी लाभ भी मिला है। मध्य रेलवे द्वारा किसान रेल की 800 यात्राओं में 2,75,761 टन कृष उत्पाद का परिवहन किया गया है। किसान रेल की 800वीं यात्रा में बिहार राज्य के दानापुर, मुजफ्फरपुर की ओर 207 टन फल, सब्जियां ( पपीता, अनार, केला, भारतीय बेर (बेर), अदरक, प्याज आदि) संगोला, दौंड और येओला से पहुंचाया गया है।  किसान रेल का शुभारंभ 7 अगस्त 2020 को हुआ था और 28 दिसंबर 2020 तक किसान रेल ने 100 वीं यात्रा पूरी की जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वेबलिंक के माध्यम से झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। किसान रेल की 500वीं फेरी 12 अगस्त2021 को पूर्ण हुई थी।
 

Created On :   29 Nov 2021 6:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story