महाराष्ट्र के कई नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क,, नई दिल्ली- मुंबई। कांग्रेस पार्टी ने 24 फरवरी से रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए मसौदा समिति और विभिन्न उपसमूहों का गठन किया है। मसौदा समिति और विभिन्न उपसमूहों में महाराष्ट्र के एक दर्जन से ज्यादा नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बताया कि जयराम रमेश को मसौदा समिति का अध्यक्ष और पवन खेड़ा को इसका संयोजक बनाया गया है। मसौदा समिति में अशोक चह्वाण, मुकुल वासनिक, पृथ्वीराज चह्वाण, विवेक तन्खा जैसे 21 नेताओं को बतौर सदस्य जगह मिली है।
सामाजिक न्याय संबंधी उपसमूह के प्रमुख बनाए गए वासनिक
मुकुल वासनिक सामाजिक न्याय व अधिकारिता संबंधी उपसमूह के अध्यक्ष तो के राजू इसके संयोजक होंगे। इस उपसमूह में मीरा कुमार, शिवाजीराव मोघे, विजय वड्डेटिवार जैसे नेता बतौर सदस्य शामिल हैं। युवा, शिक्षा और रोजगार संबंधी उपसमूह के अध्यक्ष के तौर पर अमरिंदर सिंह राजा बरार और संयोजक के रूप में एस जोथिमणि को शामिल किया गया है। इसके सदस्यों में वर्षा गायकवाड़, कन्हैया कुमार, मीनाक्षी नटराजन, जिग्नेश मेवाणी आदि का समावेश है।
अशोक चह्वाण बने राजनीतिक मामलों के उपसमूह के संयोजक
पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ एम वीरप्पा मोईली राजनीतिक मामलों के उपसमूह के अध्यक्ष बनाए गए हैं तो अशोक चह्वाण इसके संयोजक होंगे। इसके सदस्यों में अधीर रंजन चौधरी, आरिफ नसीम खान, यशोमति ठाकुर आदि का नाम शामिल है। पी चिदंबरम को आर्थिक मामलों के उपसमूह का अध्यक्ष और प्रो गौरव वल्लभ को इसका संयोजक बनाया है। इसके सदस्यों में नितीन राऊत, मिलिंद देवड़ा, प्रणिति शिंदे का नाम भी है।
कृषि संबंधी उपसमूह में नाना पटोले
किसान और कृषि संबंधी उपसमूह के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा बनाए गए हैं तो डॉ एन रघुवीरा रेड्डी इसके संयोजक होंगे। इस उपसमूह के सदस्यों में नाना पटोले का नाम भी शामिल है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिए गठित उपसमूह के अध्यक्ष होंगे तो शशि थरूर इसके संयोजक बनाए गए हैं। इस उपसमूह के सदस्यों में आनंद शर्मा सहित कुल 11 नेता शामिल हैं।
Created On :   11 Feb 2023 7:06 PM IST