पुलिस बंदोबस्त के बीच नाबालिग को कराया मुक्त, दो महिला दलाल गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के चर्चित गंगा-जमुना में एक देह व्यापार अड्डे से सोमवार को एक नाबालिग को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान दो महिला दलालों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला दलाल का नाम राधा संतापे, अकोला और हजरी उर्फ कजरी कर्मावत, राजस्थान निवासी है। अड्डे से मिली 16 वर्षीय किशोरी को करीब 20 दिन पहले राजस्थान से लाकर उससे देह व्यापार कराया जा रहा था।
5-10 जवान तैनात रहते हैं
गंगा-जमुना बस्ती में देह व्यापार को लेकर आंदोलन होने के बाद वहां पर पुलिस का बंदोबस्त लगाया गया है। बंदोबस्त में हर रोज 5 से 10 जवान तैनात रहते हैं। इस इलाके में पुलिस का करीब एक साल से पुलिस का बंदोबस्त लगा है। इसके बाद भी देह व्यापार अड्डे पर नाबालिग को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। लकड़गंज थाने की पुलिस निरीक्षक अमिता जयपुरकर के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
नाबालिग को राजस्थान से लाया था
पुलिस के अनुसार एक सामाजिक संगठन ने लकड़गंज पुलिस को गुप्त सूचना दी कि, गंगा-जमुना बस्ती में कर्मावत और राधा नामक महिलाओं ने राजस्थान की एक 16 वर्षीय किशोरी को लाकर उसे देह व्यापार की दलदल में झोंक दिया है। इस नाबालिग से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सामाजिक संगठन से खबर मिलते ही पुलिस निरीक्षक अमिता जयपुरकर के मार्गदर्शन में पुलिस दस्ते ने गंगा-जमुना बस्ती में छापा मारा और दो महिला दलालों को दबोच लिया। किशोरी को हिरासत में लेकर उसे फिलहाल महिला सुधारगृह में भेज दिया है। दोनों महिला दलालों पर लकड़गंज थाने में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
Created On :   15 March 2023 11:38 AM IST