नागपुर में फंसे 6 हजार से ज्यादा मजदूर एक-दो दिन में लौटेंगे अपने घर

More than 6 thousand workers trapped in Nagpur will return to their homes in a day or two
नागपुर में फंसे 6 हजार से ज्यादा मजदूर एक-दो दिन में लौटेंगे अपने घर
नागपुर में फंसे 6 हजार से ज्यादा मजदूर एक-दो दिन में लौटेंगे अपने घर

डिजिटल डेस्क, नागपुर । केंद्रीय गृह मंत्री ने दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों, विद्यार्थियों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों को अपने प्रदेश वापस लाने के संबंधित राज्य सरकारों को अधिकार दिए हैं। यदि कोई चाहे भी तो अपने-आप वापस लौटने का निर्णय नहीं ले सकता। संबंधित प्रदेश सरकार उन्हें वापस ले जाने के लिए बसों का इंतजाम करेगी, उसी बस में सवार होकर वापस जाना होगा। इस विषय पर राज्य सरकारों के बीच वार्ता चल रही है। जो नीति बनेगी, उसी के अनुसार राज्य सरकारें अपने-अपने प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को वापस ले जाने की व्यवस्था करेगी। ऐसे में नागपुर जिले में फंसे 6 हजार से ज्यादा प्रवासी मजदूरों का इसका लाभ मिलेगा। महाराष्ट्र में फंसे मध्य प्रदेश, राजस्थान तथा अन्य पड़ोसी राज्यों के प्रवासी मजदूरों की वापसी के संबंध में एक-दो दिन में नीति बनकर वापसी का सिलसिला शुरू होने की संभावना जताई गई है।

सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश के मजदूर
लॉकडाउन में नागपुर शहर समेत जिले के विविध स्थानों पर 6 हजार से ज्यादा प्रवासी मजदूर फंसे हुए हैं। मनपा के शेल्टर होम में 1370 महिला, पुरुषों को आश्रय दिया गया है। इसके अलावा बस्ती में किराए पर रहने वालों की संख्या 2000 के पास बताई जाती है। शहर के अतिरिक्त जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 2000 प्रवासी मजदूर फंसे हुए हैं। शहर और जिले में फंसे प्रवासी मजदूरों में सर्वाधिक मध्य प्रदेश से हैं। कुल 6 हजार मजदूरों में मध्य प्रदेश के 4 हजार के आसपास प्रवासी मजदूर बताए जाते हैं।

अपनी-अपनी सीमा तक पहुंचाएंगी सरकारें
जिस राज्य में प्रवासी मजदूर फंसे हैं, उस राज्य की सरकार प्रवासी मजदूरों को उनके राज्य की सीमा तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। वहां से आगे उनके गांव पहुंचाने की जिम्मेदारी उनके राज्य सरकार की होगी। घर पहुंचाने से पहले मजदूरों की कोरोना जांच की जाएगी। दोनों राज्यों के बीच वार्ता में मजदूरों की कोरोना जांच का दायित्व तय होगा, उसके अनुसार जांच होगी। जांच के बाद मजदूरों को सीधे घर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। संबंधित राज्य सरकारें उन्हें अपने-अपने प्रदेशों में क्वारंटाइन करने की व्यवस्था करेगी। क्वारंटाइन पीरियड समाप्त हो जाने के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दी जाएगी।

मनपा के शेल्टर होम में प्रवासी मजदूर

राज्य             संख्या

मध्य प्रदेश        688

विदर्भ              296

राजस्थान         159

उत्तर प्रदेश      129

छत्तीसगढ़         35

बिहार                8

तेलंगाना          16

आंध्र प्रदेश       4

कर्नाटक          1

झारखंड        13

हरियाणा       12

ओडिशा         4

अन्य              

सरकारों की बीच चल रही बातचीत

विविध प्रदेशों में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस अपने प्रदेश में लाने के लिए राज्य सरकारों के बीच बात चल रही है। जो नीति तय होगी, उसके अनुसार वापसी की व्यवस्था की जाएगी। एक-दो दिन में उन्हें वापस भेजने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है  -राम जोशी, अतिरिक्त आयुक्त, महानगरपालिका, नागपुर

Created On :   1 May 2020 6:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story