रंगारंग रहा होरिया में उड़े रे गुलाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जब फाग के गीत हरियाणवी नृत्य पर गूंजे, तो हर किसी के कदम थिरक उठे। पूरा परिसर फूलों की खुशबू से महक उठा। एक ओर कृष्ण, राधा के साथ अठखेलियां कर रहे थे, तो दूसरी ओर फाग के गीत और नृत्य पर हर कोई झूम रहा था। खुशनुमा माहौल में होली के रंग बिखरते नजर आए। महिलाओं ने जमकर होली की धूम मचाई। अवसर था दैनिक भास्कर के वुमन भास्कर क्लब द्वारा विष्णु जी की रसोई में ‘फाल्गुनी छटा-सीजन 2’ के आयोजन का। कार्यक्रम का शुभारंभ होली के गीत और हरियाणवी नृत्य से हुआ।
कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक होली के गीत प्रस्तुत किए गए। होरिया में उड़े रे गुलाल कहियो रे मंगेतर से..., रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे, इतना मजा क्यों आ रहा है आदि होली के गीतों ने कार्यक्रम में सातों रंग भर दिए। इस दौरान राधाकृष्ण वेशभूषा और फैंसी ड्रेस स्पर्धा आयोजित की गई। फैंसी ड्रेस में कोई जीनत अमान के गेटअप में नजर आईं, तो कोई शबरी के रूप में भगवान राम की प्रतीक्षा करती दिखीं। इस दौरान प्रस्तुत अनोखे साउथ इंडियन फ्यूजन डांस ने सभी का मन मोह लिया और मोनो एक्ट ने हर एक को गुदगुदाने पर मजबूर किया। फाल्गुनी छटा की विभिन्न गतिविधियों की लाइव रील बनाती हुई महिलाएं नजर आईं।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में वुमन भास्कर क्लब की चेयरपर्सन नेहा अग्रवाल एवं अध्यक्ष मीना जैन उपस्थित थीं। निर्णायक की भूमिका में राम कूलर की मैनेजिंग डायरेक्टर प्रियंका अवचट व न्यू ईरा हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. अर्चना संचेती रहीं। कार्यक्रम का संचालन पूनम तिवारी हिन्दुस्तानी व निशांत अजबेले ने किया। इस अवसर पर वुमन भास्कर क्लब कोर टीम की नूतन झा, मंजू गोयल, प्रतीक्षा चौरसिया, वर्षा शर्मा, कांचन जग्यासी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।
महिलाओं को मिलता है मंच
दैनिक भास्कर द्वारा महिलाओं के लिए बहुत ही अच्छा कार्यक्रम आयाेजित किया गया। ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं को मंच मिलता है। कार्यक्रम में हर उम्र की महिलाओं ने हिस्सा लेकर बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम को लेकर हर महिला का उत्साह चरम पर था। डॉ. अर्चना संचेती, डायरेक्टर न्यू ईरा अस्पताल
महिलाओं ने चार चांद लगाए
फाल्गुनी छटा कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर एंजॉय किया। वुमन भास्कर क्लब की हर सदस्य ने अपना 100% योगदान दिया। महिलाओं के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। फैंसी ड्रेस, राधा-कृष्ण वेशभूषा में महिलाओं ने शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रियंका अवचट, मैनेजिंग डायरेक्टर रामकूलर
ये रहे स्पॉन्सर्स
कार्यक्रम के स्पॉन्सर्स विको, विष्णु जी की रसोई, निराली कुकिंग एंड बेकिंग इंस्टीट्यूट, रामकूलर थे।
ये रहे विजेता
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता : प्रथम-ज्योत्सना नगराले, द्वितीय मेघा अग्रवाल, तृतीय शुभांगी नानवटकर, सात्वंना पुरस्कार श्रद्धा, अनु।
राधा-कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रथम विधि, द्वितीय मोनिका-कशिश, तृतीय कोमल शर्मा, सात्वंना पुरस्कार स्वीटी और एश्वर्या।
Created On :   16 March 2023 1:39 PM IST












