नागपुर : छका रहा तेंदुआ , डॉग स्क्वॉड भी खाली हाथ 

Nagpur: Leopard, dog squad also empty handed
नागपुर : छका रहा तेंदुआ , डॉग स्क्वॉड भी खाली हाथ 
नागपुर : छका रहा तेंदुआ , डॉग स्क्वॉड भी खाली हाथ 

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  महाराजबाग से सिविल लाइंस परिसर में पहुंचा तेंदुआ  वन विभाग की नजर से ओझल रहा। दिन भर वन विभाग की तीन सर्च टीम  सिविल लाइंस की खाक छानती रही, लेकिन तेंदुए का कोई पता नहीं लगा। नाले से आगे जाने की संभावना को देखते हुए विभागीय आयुक्त कार्यालय के बगल में स्थित नाले में 15 ट्रैप कैमरों को लगाया गया है। खबर लिखे जाने तक वन विभाग को तेंदुए की कोई मूवमेंट नहीं मिली थी। हालांकि एक व्यक्ति ने उसे शाम 6 बजे सिविल लाइंस परिसर स्थित जीपीओ के आस-पास देखने की सूचना पुलिस को दी थी। छानबीन के बाद  वन विभाग ने इसे अफवाह बताया।  

खोजी दल खाली हाथ  : गत 6 दिन से शहर के कई इलाकों में तेंदुए को देखने की बात कही गई। वन विभाग की मानें तो तेंदुए को वीएनआईटी व महाराजबाग परिसर के अलावा कहीं भी नहीं देखा जा सका है। बुधवार की रात शहर के विभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में एक व्यक्ति ने तेंदुए को सड़क पार करते हुए देखने की बात पुलिस को बताई थी। वन विभाग ने इस सूचना के आधार पर गुरुवार को यहां डेरा जमाया। डॉग स्क्वॉड के साथ नागपुर, ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर व हिंगना की तीन टीम तेंदुए को ढूंढने में लगी रही, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका। शाम को फिर एक बार तेंदुए को सिविल लाइंस परिसर में देखने की जानकारी एक शख्स ने पुलिस कंट्रोल को दी। करीब 2 घंटे सर्च करने पर भी तेंदुआ नहीं दिखाई दिया। आस-पास लगे सीसीटीवी की फुटेज जांच में भी तेंदुआ नजर नहीं आया।   

तेंदुआ गया कहां 
वन विभाग को अभी तक न तो तेंदुए के पदचिह्न हैं, और न ही फुटेज में कोई नामोनिशान। ऐसे में सवाल यह है कि क्या तेंदुआ महाराजबाग परिसर में ही मौजूद है या फिर वह नाले से वापस गोरेवाड़ा की दिशा में निकल गया?  

पकड़ने का इरादा नहीं 
तेंदुए को पकड़ने की कोई तैयारी वन विभाग की नहीं दिख रही है। गुरुवार को सर्च अभियान केवल डंडे के भरोसे चला है। एसीएफ एस. काले ने बताया कि यदि तेंदुआ सामने दिखता भी है, तो उसे पकड़ा नहीं जाएगा, बल्कि वॉच किया जाएगा। किसी को भी तेंदुए ने हानि नहीं पहुंचाई है, ऐसे में इसे नेचुरल तरीके से ‘घर वापसी’ की कोशिश होगी। देर रात एक विज्ञप्ति जारी कर वन विभाग ने साफ किया कि महाराजबाग में तेंदुए को देखे जाने के बाद अभी तक अफवाहें ही चल रही हैं, कोई पुख्ता दावा नहीं, जिससे पुष्टि हो कि तेंदुआ को किसी ने देखा है। 
 

Created On :   4 Jun 2021 6:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story