शोभायात्रा में मैट्रन की पीट-पीटकर हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राम जन्मोत्सव के अवसर पर झांसी रानी चौक के पास शोभायात्रा देखने आई एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना को धक्का लगने की बात पर हुए विवाद में तीन महिला सहित चार लोगों ने अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण धंतोली थाने में दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
देख रही थी शोभायात्रा : पुलिस के अनुसार मृतका संतोषी रामकिशोर विनकर (53) मानेवाड़ा रोड बालाजी नगर निवासी थी। वह मेडिकल अस्पताल में मैट्रन के पद पर कार्यरत थी। उसका हाल ही में पित्ताशय का ऑपरेशन हुआ है। परिवार में पति, एक लड़का व लड़की है। गुरुवार को वह राम जन्मोत्सव होने से वाड़ी के नवनीत नगर निवासी बहन के घर गई थी। शाम के समय दाेनों बहनें अपने-अपने परिवार के साथ शोभायात्रा देखने के लिए सीताबर्डी आईं और झांसी रानी चौक के पास फार्च्यून मॉल के सामने खड़े होकर शोभायात्रा देख रही थीं।
सीढ़ियों से नीचे गिराया : पेट का ऑपरेशन होने से संतोषी को ज्यादा देर तक खड़े रहने में परेशानी हो रही थी, इसलिए वह सब लोगों के साथ मॉल की सीढ़ियों पर बैठकर शोभायात्रा देख रही थी। इस दौरान संतोषी की बहन का पैर वहां शोभायात्रा ही देखने आए एक व्यक्ति को लग गया। इस बात को लेकर उसकी बहन का उस व्यक्ति और उसके साथ की तीनों महिलाओं के साथ विवाद हो गया। इस बीच विवाद को शांत करने संतोषी व उसका जीजा मध्यस्थता कर रहे थे, लेकिन गाली-गलौज होने से प्रकरण ने तुल पकड़ िलया। आवेश में आकर तीनों महिलाएं और उस व्यक्ति ने संतोषी की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी और धक्का देकर मॉल की सीढ़ियों से नीचे गिरा दिया, जिससे संतोषी के सिर में गंभीर चोट लग गई। इससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस को भनक तक नहीं लगी : घटना को गंभीर होते देख मौका िमलते ही वह व्यक्ति महिलाओं के साथ वहां से फरार हो गया। घटना स्थल के पास पुलिस का बंदोबस्त भी था, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घायल संतोषी को परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित िकया। घटित प्रकरण से आरोपी व्यक्ति और तीनों महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।
Created On :   1 April 2023 2:04 PM IST











