पुलिसभर्ती की तैयारी कर रहे युवक की हत्या करनेवाला नक्सली गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। उपविभाग भामरागड़ के नारगुंडा पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आनेवाले मर्दहुर गांव निवासी युवक साईंनाथ नरोटे (26) रंगोत्सव मनाने अपने गांव गया था। इस बीच गुरुवार 9 मार्च की रात 12 बजे नक्सलियों ने गोली मारकर उसकी हत्या की थी। गड़चिरोली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मात्र 6 दिनों के भीतर हत्या के आरोपी खूंखार नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गड़चिरोली में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे साईंनाथ नरोटी की हत्या करनेवाले खूंखार नक्सली भामरागड़ निवासी प्रकाश ऊर्फ देवीदास ऊर्फ आडवे मुरे गावडे (27)का समावेश होने की जानकारी मिलते ही मर्दहुर गांव से करीब 10 किमी अंतर पर जंगल परिसर में विशेष अभियान चलाकर जवानों ने नक्सली प्रकाश ऊर्फ देवीदास ऊर्फ आडवे मुरे गावडे को गिरफ्तार किया। गावडे मार्च 2000 में पेरमिली दलम में सदस्य पद पर भर्ती हुआ था। इसके बाद उसका प्लाटून दलम उत्तर गड़चिरोली-गोंदिया डिविजन में तबादला किया गया था। उसके खिलाफ कुल 22 अपराध दर्ज होकर 10 हत्या, 8 मुठभेड़, आगजनी समेत अन्य अपराध दर्ज हंै। साईंनाथ नरोटे के हत्या के पीछे उसका सक्रिय सहभाग होने की बात स्पष्ट होकर भामरागड़ पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया। अन्य दो आरोपी की खोज व आगे की जांच गड़चिरोली पुलिस कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक अनुज तारे, अपर पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में की गई।
Created On :   16 March 2023 2:47 PM IST












