नागपुर के कोविड केंद्रों पर 4 की जगह केवल 2 घंटे हो रही जांच

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा ने हाल ही में जांच बढ़ाने के लिए कोविड जांच केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 34 की है, लेकिन जांच केंद्रों में जांच को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जांच केंद्रों पर जांच का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है, लेकिन केंद्र पर मौजूद मनपा कर्मचारी और मेडिकल स्टाफ खुद समय निर्धारित कर कार्य कर रहे हैं। नागरिकों को परेशानी हो रही है।उमेश मानकर (49) अपने परिवार के साथ सुबह करीब 10 बजे जांच कराने पहुंचे। उनकी जांच 11 बजे तक नहीं हुई।
सुबह 8 बजे से आए थे लोग
केंद्र पर पहुंचे उमेश मानकर ने बताया कि, हम सुबह 10 बजे म्हालगी नगर स्थित कोविड जांच केंद्र पर पहुंचे। वहां करीब 45 लोग और भी थे, जो जांच कराने के लिए आए थे। कई लोग सुबह 8 बजे से जांच के लिए आए हुए थे। कर्मचारी अंदर बैठकर खाना खा रहे थे। उनसे जांच के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि जांच का समय 12 से 2 बजे तक का है। इससे पहले किसी की जांच नहीं होती। केंद्र पर मौजूद लोगों में एक गर्भवती महिला भी थी, जिसे काफी परेशानी हो रही थी। कुछ बुजुर्ग भी थे, जो जांच के लिए खड़े थे। किसी तरह की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा था। लोग झुंड बनाकर खड़े थे। जब जांच करने को लेकर बहस करना शुरू किया तब कहीं 11 बजे जांच शुरू की गई।
तुरंत जांच करेंगे
हम इस विषय पर तुरंत जांच करेंगे। कोविड केंद्रों पर जांच का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक का है। -विजय जोशी, स्वास्थ्य अधिकारी, मनपा
Created On :   24 Aug 2020 1:20 PM IST