सामान्य सर्दी, खांसी व बुखार होने पर भी जांच में मिल रहे पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क, नागपुर । जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती-घटती संख्या ने प्रशासन व सामान्यजनों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को जिले में कोरोना के 157 नए पॉजिटिव मिले हैं। जानकारों के अनुसार, इस समय कोरोना का कोई विशेष प्रभाव नहीं हो रहा है। सामान्य सर्दी, खांसी, बुखार आदि होने पर भी जांच में कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं, इसलिए संख्या बढ़ रही है। जांच अधिक होने से भी पॉजिटिव की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों की सलाह अनुसार उपचार करवाने पर मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान प्रशासन ने किया है।
सावधानी प्रत्येक की जिम्मेदारी : 13 महीने पहले 17 फरवरी 2022 को 175 व 18 फरवरी 2022 को 147 मरीज मिले थे। इसके बाद कोरोना मरीजों की संख्या कम होने लगी थी। जुलाई 2022 से फरवरी 2023 के बीच मरीजों की संख्या शून्य और इक्का-दुक्का रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी के तौर पर जांच व उपचार करना हरेक की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने व सभी उपचार सुविधाएं तैयार रखने को कहा है।
शहर में 101, ग्रामीण में 54 पॉजिटिव : मंगलवार को 937 सैंपल की जांच में 157 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें शहर के 101, ग्रामीण के 54 व जिले के बाहर के 2 पॉजिटिव का समावेश है। अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 588093 हो चुकी हैं। इस दिन 42 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 447 है। इनमें शहर के 308, ग्रामीण के 132 व जिले के बाहर का 7 शामिल हैं। कोरोना रिकवरी दर 98.23 प्रतिशत है। मंगलवार को शहर में कोरोना से कोई मौत दर्ज नहीं है। एक्टिव मरीजों में लक्षण वाले 32 मरीज विविध अस्पतालों में भर्ती है। मेडिकल में 19, मेयो में 2 व निजी अस्पतालों में 11 मरीज भर्ती हैं। वहीं गृह विलगीकरण में 415 मरीज हैं।
Created On :   12 April 2023 10:16 AM IST












