विधान परिषद सदस्य बनने क्षेत्रीय नेताओं की मुंबई के लिए दौड़ शुरू

Regional leaders start race for Mumbai to become member of Legislative Council
विधान परिषद सदस्य बनने क्षेत्रीय नेताओं की मुंबई के लिए दौड़ शुरू
विधान परिषद सदस्य बनने क्षेत्रीय नेताओं की मुंबई के लिए दौड़ शुरू

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्यपाल के माध्यम से विधान परिषद सदस्यों की नियुक्ति को लेकर फिर से हलचल शुरू हो गई है। लंबे समय से यह मामला लंबित है। माना जा रहा है कि महाविकास आघाड़ी के तीनों दल अपनी ओर से प्रत्याशियों के नाम तय कर देंगे। लिहाजा क्षेत्रीय नेताओं की भी मुंबई के लिए दौड़ शुरू हो गई है। मुंबई के नेताओं से संपर्क बढ़ाया गया है। 12 सदस्यों की नियुक्ति होनेवाली है। मुंबई में राजनीतिक हलचलों का हवाला देते हुए एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि सदस्य पद के लिए जिनके नाम सबसे अधिक चर्चा में हैँ उनमें ज्यादातर तो काफी पहले से ही तय हो चुके हैं। एकनाथ खडसे, गायक आनंद शिंदे, मिलिंद नार्वेकर, आदेश बांदेकर, सचिन अहिर, सत्यजीत तांबे, सचिन सावंत, आशीष देशमुख, रवींद्र दरेकर सहित अन्य कुछ नाम गिनाए जा रहे हैं। अब यह भी दावा किया जा रहा है कि शिवसेना की ओर से विदर्भ से कोई ऐसा नाम सामने लाया जा सकता है, जो सबके लिए चौंकाने वाला हो सकता है।

साझेदारी तय : यह भी बताया जा रहा है कि महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस, राकांपा व शिवसेना की इन नियुक्तियों को लेकर साझेदारी तय है। संख्या बल के आधार पर शिवसेना को 5, राकांपा 4 व कांग्रेस 3 सदस्य मिलेंगे। तीनों दल 12 सदस्यों के लिए नामों की सूची राज्यपाल को देंगे। गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद महाविकास आघाड़ी के नामों की सूची सामने आ सकती है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पास नामों की सूची भेजी जाएगी।

लंबित है मामला : जून माह से इन नियुक्तियों का मामला लंबित है। कहा जाता रहा है कि नामों को लेकर तीनों दलों में सहमति नहीं बन पायी है। यह भी कहा जा रहा है कि राज्यपाल के साथ राज्य सरकार में समन्वय के अभाव में सदस्यों की नियुक्ति का मुहूर्त टलता जा रहा है। इन नियुक्तियों के अलावा कुछ सीटों के लिए चुनाव भी होनेवाले हैं। ऐसे में तीनों दल जल्द ही नियुक्ति का मामला पूरा करा लेना चाहते हैं। उधर, भाजपा भले ही सत्ता में नहीं है। लेकिन विधानसभा में सबसे अधिक सदस्य संख्या को देखते हुए वह नहीं चाहती है कि विधान परिषद की सारी नियुक्तियों महाविकास आघाड़ी के पास चले जाएं।

Created On :   29 Oct 2020 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story