फडणवीस में संघ के संस्कार, झूठ नहीं बोलते

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार से चर्चा करने पर ही अजित पवार के साथ सुबह की शपथ ली थी। यह रहस्योद्घाटन राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा करने के बाद राजनीतिक दावे-प्रतिदावे शुरू हो गए हैं। इस दावे को बल देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सुबह की शपथ-विधि को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने झूठ नहीं बोला है। शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो हुआ, वही फडणवीस ने बताया है।
गलत मार्ग नहीं अपना सकते
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सुबह की शपथ-विधि को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने खुलासा किया है। उस पर मेरा बोलना ठीक नहीं है। पिछले 28-30 साल से देवेंद्र फडणवीस को मैं पहचानता हूं। झूठ बोलकर सत्ता हासिल करना फडणवीस के खून में नहीं है। फडणवीस झूठ बोलकर बड़े नहीं हुए। उन पर गंगाधर फडणवीस, संघ के संस्कार हैं। स्वयंसेवक के रूप में फडणवीस गलत मार्ग नहीं अपना सकते हैं। जो हुआ है, वही उन्होंने ईमानदारी से बताया है।
राऊत की इतनी ऊंचाई नहीं
संजय राऊत पर टीका करते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि संजय राऊत को देवेंद्र फडणवीस कभी समझ में नहीं आए। संजय राऊत की फडणवीस के बारे में बोलने इतनी ऊंचाई नहीं है। राऊत पर महाराष्ट्र ने विश्वास करना बंद कर दिया है। वे जेल में जाने के बाद असभ्य भाषा में बोलते हैं।
देवेंद्र-शिंदे सरकार आना श्री की इच्छा : बावनकुले ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार नैसर्गिक तरीके से गिरी है। परमेश्वर ने न्याय दिया है। देेवेंद्र और शिंदे सरकार का आना भी श्री की इच्छा थी। शिवसेना ने मोदी और देवेंद्र फडणवीस के चेहरे पर विधायक चुनकर लाए, बाद में षड्यंत्र किया। षड्यंत्र एक दिन में नहीं होता। इसके पीछे टीम है। इस टीम में शरद पवार, उद्धव ठाकरे, संजय राऊत होंगे। उन्होंने टीम वर्क के रूप में काम किया।
17 को अमित शाह आएंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 17 फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नागपुर आएंगे। इसके बाद वे 18 फरवरी को दीक्षाभूमि और रेशमबाग जाएंगे।
Created On :   15 Feb 2023 10:48 AM IST