बिखरी कांग्रेस : दो गुटों से अलग-अलग उम्मीदवारों ने भरा नामांकन   

Shattered Congress: Different candidates filed nomination from two groups.
बिखरी कांग्रेस : दो गुटों से अलग-अलग उम्मीदवारों ने भरा नामांकन   
बिखरी कांग्रेस : दो गुटों से अलग-अलग उम्मीदवारों ने भरा नामांकन   

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर स्नातक चुनाव में एकजुटता दिखाकर जीत का परचम लहराने वाली कांग्रेस फिर बिखर गई। महापौर-उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस फिर दो गुटों में बंट गई। शहर अध्यक्ष व विधायक विकास ठाकरे गुट से महापौर पद के लिए रमेश पुणेकर, उपमहापौर के लिए रश्मि धुर्वे ने नामांकन दाखिल किया तो मनपा में प्रतिपक्ष नेता तानाजी वनवे गुट से महापौर पद के लिए मनोज गावंडे, उपमहापौर पद के लिए शिवसेना की मंगला गवरे ने नामांकन जमा किया। ऐसे में मनपा में महाविकास आघाड़ी का फार्मूला भी फेल होता नजर आ रहा है। हालांकि अब 5 जनवरी पर  नजर टिक गई है। कांग्रेस का कौनसा उम्मीदवार मैदान में रहेगा, उस दिन पता चलेगा। 

ऐसे बदली स्थिति
 मनपा में कांग्रेस के 29 नगरसेवक हैं। शिवसेना के 2 और राष्ट्रवादी कांग्रेस का एक, कुल 32 नगरसेवक हैं। कांग्रेस में दो गुट होने से महाविकास आघाड़ी का प्रयोग यहां फेल होता दिख रहा है। प्रतिपक्ष नेता तानाजी वनवे, प्रफुल गुडधे के नेतृत्व में नगरसेवक मनोज गावंडे व शिवसेना की मंगला गवरे ने महापौर-उमहापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके कुछ समय बाद ही कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवक संदीप सहारे मनपा पहुंचे और कांग्रेस शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे को प्रदेशाध्यक्ष बालासाहब थोरात का उम्मीदवार तय करने को लेकर पत्र मिलने की जानकारी नगरसेवकों को दी। सहारे ने कांग्रेस के अन्य नगरसेवकों से संपर्क कर उन्हें मनपा में बुलाया। इसके बाद रमेश पुणेकर व रश्मि धुर्वे ने महापौर-उपमहापौर पद के लिए नामांकन जमा किया। इस अवसर पर संदीप सहारे, संजय महाकालकर, हरीश ग्वालबंसी, नितीश ग्वालबंसी, दर्शनी धवड, स्नेहा निकोसे, भावना लोणारे, नितीन साठवणे उपस्थित थे। 

चार दिन पहले ही दिया था एकता का नारा 
चार दिन पहले देवड़िया भवन में कांग्रेस का शताब्दी समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पालकमंत्री नितीन राऊत और विधायक विकास ठाकरे ने एकजुटता का नारा देते हुए मनपा पर झंडा फहराने का निश्चय किया था, लेकिन चार दिन बाद ही यह नारा गुटों में बंट गया। कांग्रेस के दो गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार खड़े किए। 

Created On :   31 Dec 2020 5:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story