घाटा होने से समृद्धि महामार्ग की एसटी बसें बंद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। समृद्धि महामार्ग पर चलने वाली एसटी की बसों को घाटा होने के कारण बंद कर दिया गया है। इस मार्ग पर चलने वाली बसें डीजल का पैसा निकालना तो दूर, रास्ते में लगने वाला टैक्स तक नहीं निकाल पा रही थीं। ऐसे में प्रशासन ने इसे बंद कर दिया है। अब एसटी की कोई भी बस समृद्धि मार्ग पर नहीं चल रही है।
20 यात्री ही मिल रहे : नागपुर से समृद्धि महामार्ग पर 4 बसें चलाई जा रही थीं, जो नागपुर से शिर्डी व नागपुर से औरंगाबाद जाती थीं। प्रतिदिन सुबह 9 बजे निकलने वाली इन बसों को यात्री ही नहीं मिल रहे थे, जिसका मुख्य कारण उक्त जगह जाने के लिए कई निजी बसें व ट्रेन उपलब्ध हैं, जो एसटी की तुलना में ज्यादा आरामदायक हैं। ऐसे में एसटी की उक्त दिशा में जाने वाली बसों को यात्री ही नहीं मिल रहे हैं। 45 सीटों की इन बसों में मुश्किल से 10 से 20 यात्री रहते हैं।
अच्छे संकेत नहीं थे : उक्त बसों में केवल एक बस को महामार्ग पर 6 हजार के करीब टोल टैक्स लग रहा है। इसके अलावा डीजल व कर्मचारियों का वेतन व ओटी की रकम मिलाकर एक बस को चलाने का खर्च 12 से 15 हजार तक आ रहा है। प्रतिदिन एक बस को चलाने के लिए इतना पैसा खर्च करने के बाद भी बसों को यात्री नहीं मिलना एसटी के लिए अच्छे संकेत नहीं थे, जिसके चलते समृद्धि मार्ग से जाने वाली बसों को एसटी महामंडल ने बंद कर दिया है।
Created On :   15 March 2023 12:25 PM IST