पूर्व मंत्री आदित्य की सभा और गाड़ी पर पथराव

Stones pelted on former minister Adityas meeting and vehicle
पूर्व मंत्री आदित्य की सभा और गाड़ी पर पथराव
औरंगाबाद में माता रमाई जयंती रैली रोकने पर भड़के नागरिक पूर्व मंत्री आदित्य की सभा और गाड़ी पर पथराव

डिजिटल डेस्क, औरंगाबाद। औरंगाबाद की वैजापुर तहसील के महालगांव में मंगलवार को शाम में आयोजित आदित्य ठाकरे की सभा में हंगामा कर लोगों ने पथराव किया। आदित्य व विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे की गाड़ी पर भी पथराव किया गया। विवाद के बाद आदित्य की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों ने बताया कि महालगांव में आदित्य की सभा व रमाई जयंती शोभायात्रा एक साथ शुरू हुई थीं। इस दौरान रमाई की शोभायात्रा को पुलिस ने रोककर डीजे बंद करा दिया। इस पर कुछ लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने आदित्य के काफिले और सभास्थल पर पथराव कर दिया। इससे कुछ देर के लिए तनाव निर्माण हो गया। फिलहाल वहां स्थिति नियंत्रण में है। सभा खत्म होने के बाद जयंती मना रहे लोगों ने ठाकरे व दानवे की गाड़ी रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन ठाकरे के सुरक्षा रक्षकों ने उनको सही सलामत बाहर निकाला।

शिवसेना के नेता ने मांगी माफी
विवाद होते ही पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे ने जल्दी भाषण खत्म किया। आदित्य ने मंच छोड़ नीचे आकर विचार रखे। इसके बाद आदित्य ने अपने भाषण में पूरे विवाद पर खेद व्यक्त कर डीजे बजाकर जयंती मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भीमशक्ति की शोभायात्रा शुरू है। उसे बिना कोई अड़चन डाले जाने दें। कहा कि तुमको यदि डीजे बजाना है, तो बजाओ। अच्छा संगीत लगाओ। भीमशक्ति-शिवशक्ति एक ही हैं। इनमें विवाद नहीं होना चाहिए। आपको जो परेशानी हुई, इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। इसके बाद सभा समाप्त होने पर आदित्य की कार रोकने व पथराव किए जाने के समाचार हैं। यही नहीं, खैरे के भाषण के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने स्टेज पर पत्थर भी फेंका जिससे तनाव निर्माण हुआ। महालगांव में इससे पूर्व भी शिंदे-ठाकरे गुटाें में विवाद हो चुका है। शिंदे गुट के विधायक रमेश बोरनारे के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इसी गांव में आने पर ठाकरे गुट ने उनका विरोध किया था। तब भी पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाया था।

Created On :   8 Feb 2023 6:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story