- Home
- /
- दिवाली से पहले ही पुलिस जवानों को...
दिवाली से पहले ही पुलिस जवानों को उपमुख्यमंत्री ने दे दिया तोहफा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। देश के नक्शे के लाल कोरिडोर में शामिल गड़चिरोली जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्यरत पुलिस जवानों को राज्य के गृह मंत्रालय ने दिवाली पूर्व भेंट प्रदान कर दी है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दो दिन पूर्व गड़चिरोली में पहुंचकर जवानों को डेढ़ गुना वेतन देने का आश्वासन दिया था। उन्होंने दो दिनों में ही अपना वादा पूर्ण कर लिया है। सोमवार को राज्य के गृह मंत्रालय ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्यरत पुलिस जवानों को डेढ़ गुणा वेतन देने का शासनादेश जारी कर दिया है। जवानों को अब अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक डेढ़ गुणा वेतन का लाभ मिलेगा। गृह मंत्रालय के इस फैसले से जवानों में हर्ष का माहौल बनता दिखायी दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गड़चिरोली जिला पूरी तरह नक्सलग्रस्त है। नक्सलियों से निपटने के लिए जिला पुलिस विभाग के स्थानीय जवानों के साथ विशेष अभियान दल के जवानों को नियुक्त किया गया है। यह सुरक्षाबल दिन-रात एक करते हुए नक्सलियों से अपना लोहा मनवा रहे हैं। ऐसे जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2010 में जवानों को डेढ़ गुणा वेतन देने का फैसला लिया था। हर वर्ष इस निर्णय के आदेश का नवीनीकरण किया जाता था। इस वर्ष पिछले छह माह से आदेश का नवीनीकरण नहीं किये जाने से जवानों को डेढ़ गुणा वेतन से वंचित रहना पड़ रहा था। इस बीच जवानों को वित्तीय संकटों का सामना भी करना पड़ा। ऐसे में शनिवार, 1 अक्टूबर को राज्य के उपमुख्यमंत्री और जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गड़चिरोली पहुंचकर जिला नियोजन समिति की समीक्षा बैठक ली।
साथ ही पत्रकारों से बातचीत भी की। बातचीत के दौरान जवानों के डेढ़ गुणा वेतन संदर्भ में पूछे गये सवाल में उन्हांेने आगामी दो दिनों में वेतन का शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया था। दिये गये आश्वासनों की पूर्ति करते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को जवानों के लिए डेढ़ गुणा वेतन का शासनादेश जारी कर दिया है। जवानों के लिए यह शासनादेश दिवाली पूर्व भेंट समझा जा रहा है। गड़चिरोली जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्यरत जवानों को अब गत अप्रैल से डेढ़ गुणा वेतन का लाभ िमलेगा। पिछले छह माह से अप्राप्त डेढ़ गुणा वेतन की राशि एकसाथ जवानों के बैंक खाते में जमा की जाएगी, जिसके कारण गड़चिरोली के जवानों में हर्ष का माहौल बना हुआ है।
बॉक्स के लिए…
Created On :   4 Oct 2022 4:11 PM IST












