तेज रफ्तार ट्रक धामना के उड़ानपुल से गिरा

डिजिटल डेस्क, वाड़ी (नागपुर)। नागपुर से अमरावती की ओर जा रहा एक ट्रक बुधवार की रात करीब 12 बजे के दौरान धामना स्थित उड़ानपुल से 40 फीट नीचे गिर गया। ट्रक एक मकान पर गिरा, जिसमें लोग सो रहे थे। हादसे में चालक की मृत्यु हो गई, लेकिन मकान में सो रहे 6 लोग बाल-बाल बचे।
बढ़ सकती थी मृतकों की संख्या :हिंगना पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत आने वाले अमरावती राजमार्ग स्थित धामना गांव में हाइवे पर बड़ा ब्रिज बना है। सर्विस रोड पर ही ब्रिज के नीचे बगल में लोगों के झुग्गी जैसे घर हैं। बुधवार को रात करीब 12 बजे के दौरान नागपुर से मिर्ची के बोरे लेकर ट्रक (क्रमांक एम एच 18 बी जेड) 2787 जलगांव की ओर जा रहा था। तामसवाड़ी, ता.साखरी जिला धुलिया निवासी चालक हर्षल युवराज पाटिल (35) को झपकी आई और ट्रक से उसका नियंत्रण छूट गया। इसके बाद ट्रक उड़ानपुल से 40 फीट नीचे कच्चे मकान पर जा गिरा। मकान का 3 फीट हिस्सा तहस-नहस हुआ है। ट्रक मकान के बीच में नहीं गिरा, अन्यथा मृतकों की संख्या बढ़ सकती थी। उड़ानपुल की दीवार से केवल 15 फीट की दूरी पर ही लोगों के कच्चे मकान बने हैं। कभी भी वाहनों से हादसा होने का डर है। हाइवे अथॉरिटी इस पर गंभीर नहीं है। सर्विस रोड अभी तक नहीं बनाया जा सका है।
मकान में यह सो रहे थे
मकान में सो रहे रमेश महादेव कोल्हे (63), लीलाबाई रमेश कोल्हे (60), जितेंद्र राजेंद्र कोल्हे (25), वैशाली जितेंद्र कोल्हे (23), वच्छलाबाई महादेव कोल्हे (95) सभी धामना निवासी बाल-बाल बचे। जयश्री शिंदे (26) साकोली, भंडारा से धामना बहन के घर आई थी। जानकारी मिलते ही हिंगना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पंचनामा कर रमेश महादेव कोल्हे की शिकायत पर मृतक आरोपी हर्षल पाटिल पर मामला दर्ज किया।
पुल से सटकर है कच्चा मकान
हाइवे के सर्विस रोड का निर्माण अटलांटा कंपनी ने आज तक नहीं किया है। सर्विस रोड पर ही मकान है। बताया गया कि हाइवे पर एक दो मकान वालों ने जगह नहीं दी है, इस कारण सर्विस रोड नहीं बन पाया। इस संदर्भ में जानकारी के लिए अटलांटा के एम. जे. बेग से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिसाद नहीं िला। हाइवे रोड पर लगे सभी गावों की सर्विस रोड का काम करने की मांग हो रही है।
Created On :   17 March 2023 9:51 AM IST












