फिर गड़चिरोली में लौट  आया जंगली हाथियों का झुंड  

Then a herd of wild elephants returned to Gadchiroli
फिर गड़चिरोली में लौट  आया जंगली हाथियों का झुंड  
दहशत फिर गड़चिरोली में लौट  आया जंगली हाथियों का झुंड  

डिजिटल डेस्क, कुरखेड़ा (गड़चिरोली)। छत्तीसगढ़ राज्य के मानपुर क्षेत्र से तहसील के मालेवाड़ा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर जिले में उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। तहसील के फुलकोड़ी, दराची, इरूकधोड़री और भोजगाटा क्षेत्र के किसानों की फसलों को तबाह करने के बाद मंगलवार की रात हाथियों के झुंड ने क्षेत्र के हुरयालदंड गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के झुंड ने हुरयालदंड निवासी मानसु कुमरे नामक व्यक्ति के मकान को काफी हद तक क्षति पहुंचायी। जंगली हाथियों का झुंड एक बार फिर क्षेत्र में प्रवेश करने से क्षेत्र के ग्रामीणों मंे दहशतपूर्ण माहौल निर्माण होने लगा है। वहीं स्थिति के मद्देनजर वनविभाग ने मालेवाड़ा क्षेत्र में अलर्ट की घोषणा कर दी है। 

बता दें कि, गत वर्ष अक्टूबर माह में ओड़िसा राज्य से निकले जंगली हाथियों के झुंड ने छत्तीसगढ़ होते हुए धानोरा तहसील के येरकड़ वन परिक्षेत्र के गांवों में प्रवेश किया था। करीब 7 महीनों तक जिले के विभिन्न इलाकों में मार्ग क्रमण करते हुए हाथियों के इस झुंड ने जिले में उत्पात की अनेक घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं को अंजाम देने के बाद अप्रैल माह के दौरान हाथियों के झुंड ने इसी मार्ग से छत्तीसगढ़ राज्य के मानपुर तहसील में प्रवेश किया था। पांच दिन पूर्व हाथियों के इसी झुंड को धानोरा तहसील के मुरूमगांव वनविभाग के अधिकारियों ने छग राज्य की सीमा में देखा था। देखते ही देखते हाथियों के इस झुंड ने सोमवार की रात जिले के कुरखेड़ा तहसील के मालेवाड़ा क्षेत्र में प्रवेश किया है। 

हाथियों के इस झुंड ने मालेवाड़ा वन परिक्षेत्र के तहत आने वाले हुरयालदंड गांव में प्रवेश किया। गांव से सटे खेतों की धान की फसलों को तबाह करते हुए गांव निवासी मानसु कुमरे नामक व्यक्ति के मकान को क्षति भी पहुंचायी। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मालेवाड़ा के वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वप्निल ढोने और उनकी टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा किया। इस समय वनाधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी है। 
 

Created On :   18 Aug 2022 3:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story